गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी नहीं होने पर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। गांव बरोदा स्थित भारत गैस एजेंसी की ओर से सिलिंडर की होम डिलीवरी नहीं किए जाने से परेशान ग्रामीणों ने वीरवार को एजेंसी के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा ऑनलाइन होम डिलीवरी ऑर्डर के बाद एजेंसी संचालक द्वारा गैस सिलिंडर घर पर नहीं भिजवाए जा रहे। ग्रामीणों ने कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो वह एसडीएम से मिलकर एजेंसी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। गांव बरोदा के ठूठान पाना निवासी बलबीर ने आरोप लगाया कि उसने 22 फरवरी को गैस सिलिंडर की ऑनलाइन होम डिलीवरी का ऑर्डर दिया था। 27 फरवरी को फोन पर मैसेज आया कि उनका सिलिंडर डिलीवर हो गया है। 29 फरवरी को उसके पास एजेंसी से फोन आया कि वह एजेंसी के कार्यालय से अपना गैस सिलिंडर उठाकर ले जाएं। गैस एजेंसी की ओर से कई दिनों से गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द ही एजेंसी की शाखा संचालक ने अपने इस रवैये को नहीं बदला तो वह शुक्रवार को एसडीएम आशीष वशिष्ठ से मिलकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। इस दौरान सुरेंद्र, राजपाल, कर्म सिंह, राजेश आदि मौजूद रहे।