खानपुर खुर्द में बिजली मीटर बाहर निकालने गई टीम का विरोध, वापस दौड़ाया
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। गांव खानपुर खुर्द में बिजली मीटर बाहर निकालने गई टीम का ग्रामीणों ने फिर से विरोध कर दिया। ग्रामीणों के विरोध के चलते बिजली निगम की टीम बैरंग की लौट आई। ग्रामीण बिजली निगम के अधिकारियों ने पॉवर हाउस लगाने के लिए दी गई जमीन का मुआवजा देने के साथ ही गांव के खेतों की बिजली भी गांव के पॉवर हाउस से जोड़ने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत किया। हालांकि वह मांग पूरी नहीं होने तक मीटर बाहर निकालने को तैयार नहीं हुए। इससे पहले 5 दिसंबर को मीटर बाहर निकालने के लिए गए एसडीओ को महिलाओं ने बंधक बना लिया था।
बिजली निगम की तरफ से म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत गांवों के बिजली मीटरों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है। 5 दिसंबर को कथूरा खंड के गांव खानपुर खुर्द में इस योजना के तहत बिजली के मीटरों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया था। कुछ मीटर ही बाहर निकाले गए थे कि महिलाओं न मौके पर पहुंचकर विरोध कर दिया था। उन्होंने एसडीओ सुखबीर सिंह को बंधक बना लिया था। जिसके चलते निगम की टीम को लौटना पड़ा था। इस संबंध में पुलिस में मामला भी दर्ज कराया गया था। मंगलवार को दोबारा बिजली निगम की टीम गांव में पहुंच गई। जिसका ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव ने बिजली निगम को पांच एकड़ जमीन पॉवर हाउस बनाने के लिए पांच साल पहले दी थी। जिसमें पॉवर हाउस भी बना रखा है, उसके बावजूद उनके गांव में बिजली खंदराई से दी जाती है। गांव में नाममात्र बिजली आपूर्ति होती है। पॉवर हाउस के लिए ली गई जमीन का मुआवजा तक नहीं दिया गया। इतना ही नहीं पॉवर हाउस बनाते हुए गांव के युवाओं को ही रोजगार देने की बात कही गई थी। किसी को रोजगार नहीं मिला। ग्रामीणों ने पॉवर हाउस की जमीन का मुआवजा देने व बिजली सप्लाई गांव के पॉवर हाउस से ही करने की मांग की। उसके बाद ही वह मीटरों को बाहर निकालने देंगे। विरोध की सूचना पर बरोदा थाना प्रभारी वजीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तो वह मुआवजा की डिमांड करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने उनकी मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। बाद में बिजली निगम व पुलिस टीम वापस लौट गई।
खानपुर खुर्द में ग्रामीण मीटर बाहर करने का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पॉवर हाउस की जमीन का मुआवजा देने की मांग की है। जिसे उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। साथ ही गांव के पॉवर हाउस से बिजली जोड़ने की मांग को बुधवार को पूरा कर दिया जाएगा। फिलहाल मीटर बाहर निकालने के काम को रोक दिया गया।
राजीव आनंद, एक्सईएन बिजली निगम गोहाना।