रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी 367 नई बसें, 40 करोड़ का टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। प्रदेश में रोडवेज के बेड़े में जल्द ही 367 नई बसें शामिल की जाएंगी। कर्मचारियों की 18 दिन की हड़ताल खत्म होते ही परिवहन विभाग की ओर से बसों को बेड़े में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद बसों को प्रदेश के जिलों में जरूरत के अनुसार भेजा जाएगा। नई बसों की चेसिस खरीदने के लिए मुख्यालय से 40 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया है।
रोडवेज बसों की कमी के चलते प्रदेश सरकार ने निजी बसों को चलाने के लिए परमिट जारी किए, जिसको लेकर रोडवेज कर्मचारी आंदोलनरत हैं। 18 दिन की रोडवेज कर्मियों की हड़ताल खत्म होने के बाद मुख्यालय की ओर से रोडवेज की नई बसों को बेड़े में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 367 नई बसें शामिल करने के लिए चेसिस खरीदने को मुख्यालय की तरफ से 40 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसके बाद बसों के बनाने के लिए हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग लिमिटेड, गुरुग्राम सहित अन्य कंपनियों में ऑर्डर जारी किए जाएंगे।
रूटों पर बसें कम होने से यात्रियों को आ रही परेशानी
प्रदेश के सभी डिपो में बसों की कमी है। बसें नहीं होने से यात्रियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर यात्री कई बार अफसरों को शिकायत भी दे चुके हैं। प्रदेश में 367 नई बसें आने से यात्रियों की परेशानी दूर होगी। नई बसों को मुख्यालय की ओर से सभी जिलों में जरूरत के अनुसार भेजा दिया जाएगा।
प्रदेश में नई बसों को बेड़े में शामिल करने के लिए मुख्यालय की ओर से चेसिस खरीदने का 40 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया है। टेंडर अलॉट होने पर बसों के लिए चेसिस खरीदी जाएगी फिर बसों की बॉडी बनवाई जाएगी। इसके बाद बसों को सभी जिलों में जरूरत के अनुसार भेजा जाएगा। -जोगेंद्र सिंह रावल, जीएम रोडवेज