संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिले के महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया अंतिम दौर में है। दो चरण पूरे होने के बावजूद कॉलेजों की अधिकांश सीटें खाली हैं। दूसरी मेरिट सूची के लिए फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 7 अगस्त को समाप्त हो गई।
इसके बावजूद दाखिलों में केवल 4 से 5 फीसदी की ही वृद्धि दर्ज की गई। इससे 23 सरकारी, निजी और एडेड कॉलेजों के प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने 4 अगस्त को दूसरी मेरिट सूची जारी की थी। विद्यार्थियों को 7 अगस्त तक दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा कराने का अवसर मिला। हालांकि, दूसरी सूची में चयनित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी प्रवेश नहीं लिया।
इसका असर यह रहा कि अधिकांश कॉलेजों में अब तक केवल 50 से 60 फीसदी सीटों पर ही दाखिले हो सके हैं। जिले के 23 महाविद्यालयों में विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों की 13,500 से अधिक सीटें हैं। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के एक महीने बाद भी करीब 40 से 50 फीसदी सीटें खाली हैं। जुलाई में पूरी होने वाली प्रक्रिया इस बार अगस्त तक पहुंच गई है।
इंसेट
तीसरा प्रवेश चरण
उच्चतर शिक्षा निदेशालय के नए शेड्यूल के अनुसार अब प्रवेश प्रक्रिया का तीसरा और अंतिम चरण शुरू होगा। 8 अगस्त को कॉलेजों में रिक्त सीटों के लिए फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। 9 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। ओपन काउंसिलिंग के तहत 10 से 16 अगस्त तक विद्यार्थी 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रवेश ले सकेंगे।
इंसेट
स्नातकोत्तर दाखिले की स्थिति
इसके बाद 17 से 23 अगस्त तक भी दाखिले का अवसर रहेगा। इस अवधि में प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया भी अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी है। 7 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। प्रबंधन को आशंका है कि पीजी की सभी सीटें भरना चुनौतीपूर्ण रहेगा।
0
वर्जन
दूसरी मेरिट सूची के आधार पर फीस जमा कराने की सीमा समाप्त हो चुकी है। अभी भी कई सीटें रिक्त हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए तीसरे चरण में नया अवसर दिया जा रहा है। -डॉ. सीमा गर्ग, प्राचार्य, हिंदू महाविद्यालय