सोनीपत। साइबर थाना पुलिस की ओर से क्षेत्र के लोगों से ठगी करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की गई है। नौ मुकदमे की जांच करते हुए पुलिस की ओर से जनवरी में 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गांव छतेहरा के ग्रामीण से लाखों की ठगी करने के मामले में सबसे ज्यादा 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी काफी समय से ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों ने 109 मोबाइल, 10 लैपटॉप, 165 पासबुक, 200 एटीएम व 42 चैक बुक बरामद की हैं। आरोपियों के पास से 13.41 लाख रुपये बरामद किए है ओर इनमें 10.81 लाख रुपये बैंक खातों में फ्रीज करवाए हैं। गांव छतेहरा निवासी संदीप ने 21 दिसंबर 2024 को साइबर थाना में शिकायत दी थी कि वह 11 दिसंबर को परिवार सहित शादी में गए हुए थे। शादी समारोह के दौरान उनका मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था। बाद में उन्होंने मोबाइल चेक किया तो कोई कॉल नहीं आ रही थी और न जा रही थी। 13 दिसंबर को वह मोबाइल दिखाने दुकान पर गए तो कोई हल नहीं हुआ। 16 दिसंबर को वह व उनका बेटे मोहित बैंक में अपने खाते से पैसे निकलवाने गए। उसे पता चला कि उसके खाते से 13 से 16 दिसंबर तक करीब 27.20 लाख रुपये निकाले गए हैं। उसने मोबाइल चेक किया तो उसमें सिम नहीं पाई। किसी ने फर्जी तरीके से उसकी सिम को बदल दिया। अब इस केस में पुलिस ने जांच करते हुए 14 आरोपियों को पकड़ा है। संवाद