गोहाना। बिजली निगम की तरफ से तिहाड़ मलिक में सब स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए बिजली निगम ने जगह चिह्नित कर काम शुरू कर दिया गया है। सब स्टेशन स्थापित होने के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं को बिजली किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा और गर्मी के दौरान भी ग्रामीणों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
तिहाड़ मलिक व आसपास के गांवों में बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। जिसकी वजह से ग्रामीणों को बिजली के अघोषित कटों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी में ग्रामीणों की परेशानी अधिक बढ़ जाती है। बिजली के अघोषित कटों के स्थायी समाधान के लिए ग्रामीणों की ओर से बिजली निगम से मांग की गई थी। अब बिजली निगम ने तिहाड़ मलिक गांव में सब स्टेशन स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा समय में सरगथल बिजली घर से तिहाड़ मलिक गांव में बिजली आपूर्ति जा रही है। सब स्टेशन चालू होने के बाद मोहाना बिजलीघर से आपूर्ति की जाएगी। वहीं आसपास के गांव तिहाड़ मलिक, पिनाना, गुहणा और कृषि फीडरों को इस सब स्टेशन से जोड़ा जाएगा।
वर्जन
तिहाड़ मलिक गांव में 33 केवी क्षमता के सब-स्टेशन स्थापित करने काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही सब स्टेशन का कार्य पूरा करवा दिया जाएगा। इससे आस-पास के ग्रामीण उपभोक्ताओं को फायदा होगा। -राज सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, गोहाना।