सीआरपीएफ जवानों के लिए 358 आवास तैयार
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र खेवड़ा में जवानों के लिए अब आवासीय समस्या नहीं रहेगी। क्योंकि वहां 358 नए क्वार्टर बनकर तैयार हो गए हैं जो विशेष तकनीक से कई मंजिला बनाए गए हैं। इन क्वार्टर को बनाने का काम वर्ष 2012 में शुरू हुआ था और इनको 60 करोड़ की लागत से बनाया गया है। क्वार्टर बनाने का काम पूरा होने के कारण मंगलवार को सीआरपीएफ के डीजी आईपीएस राजीव राय भटनागर इनका उद्घाटन करने आएंगे। डीजी के कार्यक्रम को देखते हुए सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र को पूरी तरह से चमका दिया गया है तो उनके कार्यक्रम की अन्य तैयारियों के लिए अधिकारी व जवान जुटे हुए है।
सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र खेवड़ा की बिल्डिंग लगभग एक दशक पहले बनाई गई थी और उस समय नियमित क्वार्टर ही बनाए गए थे। उसके बाद यहां जवानों की स्थिति को देखते हुए वर्ष 2012 में 358 क्वार्टर बनाने का काम शुरू कराया गया। जिनमें टाइप-3 के 38 क्वार्टर तो टाइप-2 के 320 क्वार्टर शामिल है। इन क्वार्टरों को बनाने का काम उसी समय से काफी तेजी से चल रहा था। क्योंकि इन क्वार्टरों को अन्य केंद्रों से हटकर बनाया जाना था जो कई मंजिल तक बनाए गए है। इसके अलावा गुणवत्ता से लेकर सुरक्षा तक का विशेष ध्यान भी क्वार्टर में रखा जाना था। अब क्वार्टर बनकर तैयार हो चुके है और उनका उद्घाटन कराने के लिए सीआरपीएफ के डीजी राजीव राय भटनागर मंगलवार को खेवड़ा ग्रुप केंद्र में आएंगे।
डीजी के कार्यक्रम के लिए ग्रुप केंद्र को चमकाया गया
सीआरपीएफ की असिस्टेंट कमांडेंट सविता कुमारी ने बताया कि क्वार्टर को काफी बेहतर तरीके से बनवाया गया है, जिससे जवानों को किसी तरह की समस्या नहीं हो सके। इसका उद्घाटन मंगलवार को डीजी से कराया जाएगा, जिसकी तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थी। उनके अनुसार तैयारियां पूरी हो चुकी हैं तो व्यवस्था बनाने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। ग्रुप सेंटर को सजाया गया है।