सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि 3 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के दौरान जिला में 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं इनमें 2543 परीक्षार्थी अपनी परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों को शांत वातावरण मुहैया करवाने के साथ-साथ सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है।
नेहा सिंह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के मद्देनजर प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखते हुए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को पूरा करवाएं। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ने सोमवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान
उपायुक्त कहा कि परीक्षा के दिन ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार करने के संबंधित निर्देश डीसीपी को दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के आस-पास जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। आवश्यकतानुसार ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी। पीएमश्री जीजीजीएस मुरथल अड्डा स्कूल में सबसे ज्यादा 720 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। ऐसे में उनके आने व जाने के समय संभावित तौर पर उत्पन्न होने वाली जाम की स्थिति को रोका जाए।
परीक्षार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित
उपायुक्त ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, छाया, बिजली, शौचालय और बैठने की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसके अलावा परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए भी बैठने की उचित व्यवस्था करवाई जाए।
स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
परीक्षा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के नजदीक एंबुलेंस और चिकित्सा टीम उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए जनरेटर की भी व्यवस्था की जा रही है।
परीक्षार्थी रखें विशेष ध्यान
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षार्थी केवल हाफ बाजू के कपड़े ही पहन के आए। इसके अलावा खुली चप्पलें, सैंडल या कम हील वाले जूते ही पहन के आएं। इसके साथ ही परीक्षा में घडियां, अंगूठियां, कंगन या गहने पहनने की अनुमति नहीं है। यदि आप धार्मिक या पारंपरिक पोशाक पहन रहे हैं, तो केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचें। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटुथ उपकरण, इयरफोन, माइक्रोफोन, हेल्थ बैंड, बटुआ, हैंडबैग, बेल्ट और टोपी ले जाने की अनुमति नहीं है। परीक्षार्थी परीक्षा का एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और एक पारदर्शी पानी की बोतल लेकर जा सकता है।