सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इनमें से अधिकतर केस वैसे हैं जिनका संबंध दिल्ली से है। सोमवार को 25 कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिनमें शहर के तीन केस के अलावा ग्यासपुर, पबनेरा, बेगा, रामनगर, अटेरना के कोरोना पॉजिटिव हैं। इनमें अधिकतर यमुना खादर के गांवों के वह किसान हैं जो आजादपुर मंडी में सब्जी लेकर जाते हैं तो अन्य भी दिल्ली से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। इस तरह जिले में कोरोना पॉजिटिव केस बढ़कर 74 हो गए हैं। इनमें से छह मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं जिस तरह से कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए है, उनसे प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ती जा रही है। इन पॉजिटिव मामलों को देखते हुए कंटेनमेंट जोन बढ़ा दिए गए है और शहर की जगहों के साथ ही गांवों को पूरी तरह से सील करते हुए आवाजाही बंद कर दी गई है।
जिले में दो दिन पहले तक कोरोना के 27 पॉजिटिव मामले थे, जिनमें से छह मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। लेकिन जिले में शनिवार रात से लेकर रविवार रात तक 24 घंटे में 22 कोरोना पॉजिटिव मामले आ गए थे, जिससे प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई थी। इनके संपर्क में आने वालों का पता लगाकर आइसोलेट करने के साथ ही सैंपल लेने की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई थी कि जिले में सोमवार को दोबारा से कोरोना ने कहर बरपा दिया। खानपुर कलां मेडिकल कालेज से सोमवार दोपहर को स्वास्थ्य विभाग के पास भेजी गई जांच रिपोर्ट में 25 कोरोना पॉजिटिव मिले। जिससे प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई, क्योंकि अब उन सभी की जांच कराई जाएगी जो इनके परिवार के सदस्य व संपर्क में रहे हैं। यह जितने भी कोरोना पॉजिटिव मामले मिले हैं, इनमें अधिकतर यमुना खादर के गांवों ग्यासपुर, पबनेरा, बेगा, अटेरना, रामनगर के रहने वाले है जो आजादपुर मंडी में सब्जी लेकर जाते है। इन सभी को वहां से कोरोना संक्रमित होने की बात कही जा रही है। इनके अलावा तीन कोरोना पॉजिटिव सोनीपत शहर के रहने वाले हैं तो एक ही परिवार के चार लोग अंसल सनसाइन काउंटी के रहने वाले हैं और यह भी दिल्ली से कोरोना संक्रमित हुए हैं। इस तरह जिले में कोरोना पॉजिटिव मामले 74 हो गए हैं, जिनमें केवल 48 घंटे में 46 केस सामने आए है। हालांकि 6 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
50 से ज्यादा आइसोलेट तो 100 को होम क्वारंटीन किया
स्वास्थ्य विभाग ने 25 की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने के बाद इनके संपर्क में आने वाले परिजनों व अन्य को तलाशना शुरू किया। ऐसे लगभग 50 को आइसोलेट किया गया है, जिनकी जांच कराई जाएगी। जिससे कोरोना को लेकर स्थिति साफ हो सके। इसके अलावा इन लोगों के संपर्क में आने वाले 100 को होम क्वारंटीन किया गया है। इस तरह से 25 कोरोना पॉजिटिव मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई है और अब इनके संपर्क में आने वालों की जांच रिपोर्ट से आगे की स्थिति साफ होगी।
गांवों और अन्य क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करके सील किया
जिस तरह से जिले में अलग-अलग जगह से 25 कोरोना पॉजिटिव मामले मिले हैं। उसके बाद उन सभी जगहों को सील कर दिया गया है, जिन नई जगहों पर कोरोना पॉजिटिव मामले है। जिन जगहों पर कोरोना पॉजिटिव मामले मिले है, वह सभी नई जगह है और उन सभी जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इन जगहों पर सभी की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी और किसी भी आवश्यक सामान के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट से संपर्क किया जा सकेगा। डीसी डॉ. अंशज सिंह ने बताया कि जिन जगहों पर नए मामले मिले है और उनसे किस-किस जगह पर कोरोना संक्रमित का प्रभाव हो सकता है। उनको सील किया जा रहा है और वहां पुलिस तैनात कर दी गई है, जिससे वहां आवाजाही पूरी तरह से रोकी जा सके।
--
इन जगहों पर मिले कोरोना पॉजिटिव, ऐसे हुए संक्रमित
-अंसल सनसाइन कांउटी कुंडली में एक ही परिवार की बुजुर्ग महिला समेत चार पॉजिटिव मिले, इनकी दिल्ली में मास्क फैक्टरी के कारण वहां आवाजाही थी।
-ग्यासपुर के सात किसान कोरोना पॉजिटिव मिले हैं और यह सभी आजादपुर मंडी में सब्जी लेकर जाने के कारण संक्रमित हुए।
-पबनेरा के पांच किसान कोरोना पॉजिटिव मिले हैं और यह सभी आजादपुर मंडी में सब्जी लेकर जाने के कारण संक्रमित हुए।
-रामनगर गांव के दो किसान कोरोना पॉजिटिव मिले हैं और यह सभी आजादपुर मंडी में सब्जी लेकर जाने के कारण संक्रमित हुए।
-बेगा गांव के दो किसान कोरोना पॉजिटिव मिले हैं और यह सभी आजादपुर मंडी में सब्जी लेकर जाने के कारण संक्रमित हुए।
-अटेरना गांव व पटेल नगर में किराये पर रहने वाला युवक पॉजिटिव मिला है और यह आजादपुर मंडी में जाता था।
-कोट मोहल्ला की महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है और इसके संक्रमित होने का पता लगाया जा रहा है।
-आदर्श नगर की महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है और इसके संक्रमित होने का पता लगाया जा रहा है।
-जीवन विहार का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है और इसके संक्रमित होने का पता लगाया जा रहा है।