गांव सफियाबाद के पास बुधवार रात करीब 12 बजे पिकअप गाड़ी चालक और क्लीनर को चाकू दिखाकर 2300 रुपये, कागजात व एटीएम लूटने का मामला सामने आया है। चालक के बयान पर बारोटा चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के गांव जौंती निवासी नरेंद्र ने बताया कि वह बुधवार देर रात गाड़ी में सर्जिकल दस्ताने लोड कर दिल्ली के बवाना से पंजाब के अमृतसर के लिए चला था। उसके साथ दिल्ली के गोकुलपुरी का रहने वाला गौरव भी था। गांव सफियाबाद के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद उसकी गर्दन पर चाकू अड़ाकर पर्स में रखे 1500 रुपये, पैन कार्ड, दो एटीएम और गौरव की जेब से 800 रुपये निकाल लिए। वारदात करने वाले युवक आपस में आकश व तरुण के नाम से पुकार रहे थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पिकअप चालक ने चाकू की नोंक पर नकदी, एटीएम व कागजात लूट की शिकायत दी है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। - बृजपाल सिंह, जांच अधिकारी, बारोटा चौकी।