फोटो: 30: सोनीपत के गन्नौर स्थित देवा सोशल वेलफेयर सोसाइटी कार्यालय में लगाए गए दरबार में जनसमस
- फोटो : फाइल
गन्नौर। विधायक देवेंद्र कादियान ने सोमवार को देवा सोशल वेलफेयर सोसाइटी कार्यालय में जनता दरबार लगाया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों की 230 समस्याओं की सुनवाई की गई। विधायक ने सभी शिकायतों को अधिकारियों के सामने रखा और समाधान के निर्देश दिए।
लोगों ने बिजली, पानी, गांवों की सड़कों की मरम्मत, पीएम आवास की लंबित किस्तों और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं रखीं। शहर के वार्ड 6 के लोगों ने गली नंबर 5 में पानी की पाइप लाइन बिछाए जाने की मांग की।
गढ़ी केसरी के लोगों ने सामुदायिक भवन की मांग करते हुए बताया कि वाल्मीकि समाज के खाद गड्ढे की जमीन पर भवन बनना है। टेंडर हो चुका है लेकिन नपा अधिकारी और ठेकेदार काम शुरू नहीं कर रहे। जाहरी गांव के लोगों ने एनएच-44 से बड़वासनी तक गांव के पास कट को खुला रखने की मांग की।
देवड़ू तक जर्जर सड़क का निर्माण करवाने, शिव मंदिर जोहड़ पर लगे ट्रांसफार्मर के पोल ठीक कराने की मांग की। विधायक ने कहा सरकार जनहित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या को लेकर सीधे संपर्क करें।