समाजसेवी धर्मेंद्र बत्रा को मिली महामूर्ख सम्राट की उपाधि
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। लाफ्टर कल्ब इंटरनेशनल के फ्रैंडस लाफिंग क्लब हरियाणा की ओर से रविवार को मिशन रोड पर दिगंबर जैन मंदिर में होली मिलन समारोह के अंतर्गत महामूर्ख सम्मेलन का आयोजन किया गया। हास्यमेव जयते व हास्य द्वारा विश्व शांति की प्रार्थना के साथ महामूर्ख सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। महामूर्ख सम्मेलन में पं. अशोक शर्मा एडवोकेट मुख्य अतिथि तो विशिष्ट अतिथि सोनीपत जैन समाज के अध्यक्ष एडवोकेट एसके जैन के साथ प्रसिद्ध हास्य कवि डॉ अशोक बत्रा रहे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता देवेंद्र गर्ग रोहट वाले ने की।
वहां पहुंचे लोगों ने अपनी हास्य रचनाएं, चुटकुले, कविताएं, गीत व गजलों द्वारा हर किसी का मनोरंजन किया। महामूर्ख सम्मेलन में आए लोगों ने हंसी के रंगीन फव्वारे व बौछारों को छोड़ा, जिनपर सभी ने ठहाके लगाए। फ्रैंडस लाफिंग कल्ब हरियाणा द्वारा समाजसेवी धर्मेंद्र बत्रा को महामूर्ख सम्राट की उपाधी से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कल्ब के संस्थापक एवं अध्यक्ष सतपाल सिंह अहलावत ने कहा कि हमारा उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सांप्रदायिक सद्भावना के लिए कार्य करना है। अहलावत ने अपील करते हुए कहा कि होली के अवसर पर पानी की बर्बादी नहीं करनी चाहिए। होली को चंदन तिलक, फूल, गुलाल व अबीर के साथ खेले और केमिकल युक्त रंग गुलाल आदि से बचे। महामूर्ख सम्राट धर्मेंद्र बत्रा ने भाईचारे व रंगों के इस पर्व को शांतिपूर्वक व प्रेम-प्यार के साथ मनाने की अपील की। डॉ अशोक बत्रा की हास्य कविताओं व एडवोकेट अशोक शर्मा के चुटकुलों पर जमकर ठहाके लगे। वहां सामाजिक सरोकार के अंतर्गत पानी बचाओ अभियान के अंतर्गत कृष्ण वत्स, विनोद जांगड़ा, नवीन गर्ग ने होली पर पानी की बर्बादी रोकने की अपील की। इस दौरान बिमल प्रसाद जैन, विनोद जांगड़ा, नवीन गर्ग, गौरव गर्ग, डॉ सुनील वर्मा, सारथी ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सुशील गोयल, मनोज सरोहा, नरेंद्र हुड्डा, देवेंद्र सूरा, आरके शर्मा, विनोद जैन, जयकुमार जैन, जन सेवा जाग्रति मंच, पंजाबी सेवा समिति, नगर निगम पार्क के लाफ्टर क्लब के सदस्य के साथ शहर की विभिन्न धार्मिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।