उपमंडल स्तर पर खुलेंगे महिला थाने, गोहाना, नारायणगढ़ और डबवाली में थाने बनाए जा रहे : केके मिश्रा
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। डीजीपी मुख्यालय केके मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के प्रति हिंसा व अपराध से जुड़े मामलों पर अंकुश लगाने में महिला थाना एक कारगर पहल के रूप में सामने आया है। जिला मुख्यालय में स्थापित महिला थाना की सफलता से उत्साहित होकर अब प्रदेश में उपमंडल स्तर पर महिला थानों का निर्माण किए जाने की तैयारी चल रही है। पहले चरण में गोहाना, नारायणगढ़ व डबवाली जैसे बड़े उपमंडलों में महिला थाने बनाए जा रहे हैं। केके मिश्रा शनिवार को गीतांजलि सीनियर सेकेंडरी स्कूल बड़वासनी के वार्षिकोत्सव व रूरल नर्सिंग संस्थान की ओथ सेरेमनी का शुभारंभ करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
डीजीपी मुख्यालय केके मिश्रा ने कहा कि पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले हों या फिर हिंसा और महिला अपराध की बात, महिला थाना इनके समाधान का एक बेहतर मंच के रूप में सामने आया है। जिला स्तर के बाद अब सरकार ने उपमंडल स्तर पर महिला थाना बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। उपमंडल स्तर पर महिला थाना खुलने से महिलाओं और लड़कियों को काफी मदद होगी। महिलाओं के प्रति अपराध और हिंसा के मामलों के अनुसंधान में भी मदद मिलेगी। शहर में महिला सुरक्षा को लेकर तैनात की गई दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स के भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। खास तौर पर कामकाजी महिलाएं व स्कूल कालेज जाने वाली छात्राओं को इस सुरक्षित माहौल मिला है। उन्होंने महिलाओं व लड़कियों को दुर्गा शक्ति मोबाइल एप का प्रयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
डीजीपी मुख्यालय केके मिश्रा ने पहलवान टीना, मीनाक्षी, ईशिका, दीप्ति, कुमकुम व स्वीटी, बास्केटबाल टीम की कोच अनीता मलिक व पूरी टीम को नगद पुरस्कारों से पुरस्कृत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। डीजीपी मुख्यालय केके मिश्रा ने गुरु सदन परिसर में महिला बाक्सिंग रिंग व अकादमी का भी फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही बास्केटबाल कोर्ट का भी उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि ने समारोह में विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन कर मॉडलों का अवलोकन किया। इस मौके पर एएसपी डॉ. अर्पित जैन, एईईओ जगबीर मलिक, अंतरराष्ट्रीय कोच राज सिंह छिक्कारा, संस्थान के चेयरमैन नरेंद्र सूरा, निदेशक एमएस आर्या, नर्सिंग की प्राचार्या आर.रंजीता देवी, स्कूल की प्राचार्या ए.शर्मिला, डॉ.परवेज आलम, संजीव अग्रवाल, संजय जैन, शमशेर पहलवान आदि मौजूद रहे।
फोटो 20: गीतांजलि स्कूल में सम्मानित महिला पहलवानों के साथ डीजीपी मुख्यालय केके मिश्रा व शिक्षक