जीवीएम की एनसीसी कैडेट सार्जेंट पायल दहिया राजपथ पर करेगी कदमताल
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जीवीएम गर्ल्ज कालेज की एनसीसी कैडेट सार्जेंट पायल दहिया 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर कदमताल करेंगी। पायल के चयन पर जीवीएम संस्था के प्रधान डॉ. ओपी परूथी व प्राचार्या डॉ. ज्योति जुनेजा ने बधाई दी है।
जीवीएम की एनसीसी अधिकारी डॉ. मीनाक्षी ने बताया कि सार्जेंट पायल बीएससी नॉन मेडिकल अंतिम वर्ष की छात्रा है, जिन्हें राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए चुना गया है। इस बार वह अकेली एनसीसी कैडेट है जिसका चयन गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। साथ ही पायल को दिल्ली में गार्ड ऑफ ऑनर के लिए भी चुना गया है। गार्ड ऑफ ऑनर गणतंत्र दिवस परेड के उपरांत करियप्पा मैदान दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात पायल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भी गार्ड ऑफ ऑनर का मौका मिल सकता है। जीवीएम में कॉलेज में पढ़ाई करते हुए वह डीसीएटी (डायरेक्टिव कंबाइंड एन्वल ट्रेनिंग कैंप) के विभिन्न चरणों का हिस्सा रह चुकी हैं। प्री-रिपब्लिक डे कैंप के तीनों चरणों में सफलता के बाद उन्हें रिपब्लिक डे कैंप के लिए चुना गया। रिपब्लिक डे कैंप में उनके अच्छे प्रदर्शन के आधार पर उन्हें गणतंत्र दिवस परेड व गार्ड ऑफ ऑनर के लिए चयनित किया गया है।