लूट का प्रयास करने के आरोपी का लिया रिमांड
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर के देवडू रोड पर बैंक के कैशियर को गोली मारकर 70 लाख रुपये लूटने का प्रयास करने के मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए आरोपी रोहतक के गांव डोभ निवासी अनिल ने ही वारदात के लिए हथियार मुहैया कराए थे। पुलिस ने उसे चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीआईए व सदर पुलिस ने गांव कंवाली निवासी चौकीदार नरेश, उसके भतीजे उमेश, गांव मलिकपुर निवासी रामदास, गुमड़ निवासी पवन, गांव रूखी निवासी सुखदेव व वीरेंद्र को गिरफ्तार कर मामले से पर्दा उठाया था। विदित रहे कि यूनियन बैंक की शाखा में कार्यरत कैशियर सुरेंद्र व गार्ड साहब सिंह 27 अक्टूबर को चालक के साथ वैन में कैश लेकर पानीपत जा रहे थे। कैश वैन में करीब 70 लाख रुपये की नकदी थी। देवडू रोड के पास कार सवार बदमाशों ने कैशियर सुरेंद्र को गोली मार कर नकदी लूटने का प्रयास किया था। बाद में सुरक्षा गार्ड साहब सिंह के फायरिंग करने पर बदमाश भाग गए थे। सीआईए ने मामले में छह आरोपियों को काबू कर लूटपाट के प्रयास के मामले से पर्दा उठाया था। पूछताछ में सामने आया था कि आरोपियों को वारदात के लिए हथियार गांव डोभ निवासी अनिल ने दिए थे। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि वह किसी अन्य मामले में रोहतक जेल में बंद है। जिस पर सोमवार को सदर थाना पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। उसे चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
वर्जन
कैशियर को गोली मारकर लूट का प्रयास करने के मामले में आरोपी राकेश निवासी डोभ को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है। उसे चार दिन के रिमांड पर लिया है। उसी ने हथियार मुहैया कराए थे। उससे हथियारों की रिकवरी के साथ पता लगाया जाएगा कि वह हथियार कहां से लेकर आया था।
- दलबीर दांगी, थाना प्रभारी, सदर।