प्रधानमंत्री के पानीपत में 9 दिसंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिले के रोडवेज डिपो से बसों की मांग बढ़ती जा रही है। शुक्रवार तक बस अड्डे में 81 बसों की डिमांड पहुंची थीं, शनिवार को यह बढ़कर 201 तक पहुंच गई है।
जिले के रोडवेज बेड़े में 194 बसें ही हैं। ऐसे में मांग पूरी करने के लिए रोडवेज अधिकारी अब अन्य डिपो से संपर्क कर रहे हैं। विभाग ने दिल्ली, पलवल व दादरी से 70 बसें डिपो में भेज दी हैं। स्टेशन अधीक्षक ने इन बसों के परिचालन को लेकर इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगाई है। जिले से कितनी बसें भेजी जाएंगी, यह रविवार दोपहर बाद तक ही फाइनल हो पाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पानीपत से बीमा सखी योजना का शुभारंभ करेंगे। इसमें हर जिले से बड़ी संख्या में महिलाएं प्रधानमंत्री को सुनने पहुंचेंगी, जिन्हें लाने व ले जाने की जिम्मेदारी रोडवेज को सौंपी गई है। सोनीपत डिपो में 124 बसें हैं। इनमें 92 रोडवेज की और 32 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत शामिल की गई हैं। वहीं, गोहाना बस डिपो में 70 बसें हैं, जिसमें 45 रोडवेज की और 25 बसें किलोमीटर योजना की हैं। जिले से सभी बसों को भी रवाना कर दिया जाए, तब भी मांग पूरी नहीं होती। ऐसे में विभाग ने सोनीपत डिपो में तीन जिलों से 70 बसें भेजी हैं। जिनकी पार्किंग पुलिस लाइन में बनाई गई है।
यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
जिसे से बड़ी संख्या में बसों को प्रशासनिक ड्यूटी पर भेजे जाने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में अधिकतर रूट को बंद किया जा सकता है। रविवार को अवकाश के चलते यात्रियों की संख्या कम रहेगी, लेकिन सोमवार को कार्यदिवस होने से बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ रहेगी, जिन्हें बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना बड़ी चुनौती रहेगा।
गोहाना बस अड्डे से भेजी जाएंगी 47 बसें
गोहाना। बस अड्डा से सोमवार को पीएम कार्यक्रम में 47 बसें भेजी जाएंगी, जिससे लोकल रूट बंद रह सकते हैं, वहीं लंबे रूट पर भी परिवहन सेवाएं बाधित हो सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को निजी वाहनों पर ही निर्भर रहना होगा। गोहाना सब डिपो से डीआई संजय नैन ने बताया कि बड़ी संख्या में बसों के पानीपत रवाना करने से लोकल रूट पर परेशानी बढ़ेगी। ऐसे में खानपुर कलां, जींद, जुलाना, खरखौदा, सोनीपत, रोहतक, महम, पानीपत, गन्नौर समेत ग्रामीण रूटों पर परिवहन सेवाएं बाधित रहेंगी। हालांकि, सहकारी समिति की बसों का परिचालन रहेगा।
-
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सोनीपत डिपो से 201 बसें मांगी गई हैं। डिपो में बसों की संख्या कम है। ऐसे में विभाग ने दिल्ली, पलवल व दादरी से 70 बसें भेजी हैं। इनके परिचालन के लिए इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगा दी गई है। इन बसों को अलग-अलग गांवों में भेजा जाएगा। अभी बसों की मांग कम या ज्यादा हो सकती है। जिले से कितनी बसें भेजी जाएंगी, यह रविवार को ही फाइनल हो पाएगा।
- सुरेंद्र दुग्गल, एसएस, रोडवेज डिपो, सोनीपत।