साथियों से नहीं हो रहा संपर्क, उसके बाद वाहन का लगेगा पता
हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे युवक की सोनीपत में गांव खेवड़ा के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने उसके पिता के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। रेवाड़ी के गांव गंगायचा अहीर निवासी वीरपाल सिंह ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उनका बड़ा बेटा आशीष (26) गांव के लोगों के साथ 20 जुलाई को कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था। वह 22 जुलाई को कांवड़ लेकर लौट रहा था।
24 जुलाई को तड़के खेवड़ा गांव के पास पहुंच गए थे। वहां पर किसी वाहन ने आशीष को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसको पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
पीजीआई के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान आशीष की मौत हो गई। वीरपाल का कहना है कि उसके साथी कांवड़ियों से संपर्क नहीं हो सका है। जिसके चलते उन्हें वाहन के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। जिस पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।