निफ्टम में 238 छात्रों को मिली डिग्री, सात को गोल्ड मेडल, किसानों को कोल्ड चैन का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टम) के दूसरे दीक्षांत समारोह में 238 छात्रों को डिग्री दी गई तो 7 टॉपर रहने वाले छात्रों को गोल्ड मेडल दिए गए। दीक्षांत समारोह के बाद किसानों के लिए कोल्ड चैन का शुभारंभ किया गया, जहां किसानों को ट्रेनिंग देकर सर्टिफिकेट कोर्स कराए जाएंगे। वहीं दीक्षांत समारोह में आने वाली मुख्य अतिथि केंद्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल व साध्वी निरंजन ज्योति का कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिया गया। जिनको अचानक कैबिनेट की मीटिंग में जाने के कारण यहां नहीं आ पाने की बात कही गई।
निफ्टम में दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की सचिव व चांसलर पुष्पा सुब्रमण्यम के साथ वीसी चिंदी वासुदेवप्पा व अन्य ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहां सचिव पुष्पा सुब्रमण्यम ने कहा कि भारत सरकार ने खाद्य उद्योग मंत्रालय को बढ़ावा देने के लिए करीब तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से 4 राज्यों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू किए हैं। इन प्रोजेक्टों के तहत पहले ब्लाक स्तर, फिर जिला स्तर और राज्य स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा दिया जाएगा। आधुनिक तकनीक से फूड प्रोसेसिंग कर गुणवत्ता परक रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और देश में फूड इंडस्ट्री तेजी से बढ़ सकेगी। मुख्य वक्ता अमूल के चेयरमैन आरएस सोढ़ी ने फूड प्रोसेसिंग के बारे में बताया। वहां 238 छात्रों को डिग्री दी गई, जिनमें बीटेक के 141, एमटेक के 78 व एमबीए के 15 छात्र शामिल हैं। इनके अलावा पीएचडी करने वाले चार को डिग्री दी गई। वहां टॉपर रहे सात छात्रों को मेडल दिए गए। डिग्रियां पाकर विद्यार्थी खुशी से झूम उठे। वहां मंत्रालय की सचिव पुष्पा सुब्रमण्यम, अमूल के चेयरमैन आरएस सोढ़ी, वीसी चिंदी वासुदेवप्पा, रजिस्ट्रार जेएस राणा ने 83 करोड़ रुपये से तैयार होने वाले नए इंफ्रास्ट्रक्चर का शिलान्यास किया। जिनमें इंडोर स्टेडियम, फैकल्टी व छात्रों के हॉस्टल, स्वीमिंग पूल आदि शामिल हैं। इसके साथ ही निफ्टम में कोल्ड चैन तकनीकी एवं प्रबंधन लैब का शुभारंभ किया गया। इसमें किसानों को ट्रेनिंग देकर सर्टिफिकेट दिए जाएंगे और उनको खेती को उद्योग से जोड़ने के लिए सिखाया जाएगा।
-
निफ्टम से संबद्ध होंगे देश के नए खाद्य प्रसंस्करण संस्थान
सचिव पुष्पा सुब्रमण्यम ने बताया कि देश में फिलहाल दो संस्थान हैं। इनके एक सोनीपत के कुंडली तो दूसरा चेन्नई में चल रहा है, लेकिन अब देश में खुलने वाला कोई भी खाद्य प्रसंस्करण संस्थान निफ्टम से संबद्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि मंत्रालय की ओर से हर साल एक हजार करोड़ की सब्सिडी उद्योगों को खोलने के लिए मुहैया करवाई जाती है, जिसके लिए इस बार निफ्टम के दो विद्यार्थियों ने भी आवेदन किया है।
--
इन छात्रों को मिले मेडल और पीएचडी डिग्री
निफ्टम में एमटेक में टॉपर रहे 5, एमबीएम में टॉपर रहे एक, बीटेक में टॉपर रहे एक छात्र को गोल्ड मेडल दिया गया। इनमें एमटेक से अमित कुमार, विपाशा, नेहा ठाकुर, रमनप्रीत कौर व अवनीश शांडिल्य रहे, जबकि एमबीए की हवी व बीटेक की अपर्णा को गोल्ड मेडल दिया गया। इसके अलावा 4 विद्याथयों को पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की गई, जिनमें सोनीपत की रचना के अलावा खालिद बशीर, तान्या व विकास हैं।