सोनीपत। कृषि और किसान कल्याण विभाग की ओर से किसानों और बेरोजगार युवाओं को ड्रोन पायलट प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक किसान पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर 19 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन करने के लिए किसान और बेरोजगार युवाओं की आयु 18 से 45 साल होनी चाहिए और उनके पास मैट्रिक की न्यूनतम शिक्षा योग्यता होनी चाहिए। सीएचसी/एफपीओ के सदस्य भी आवेदन करने के लिए पात्र हैं। पहले चरण में जिले को मिले 19 आवेदनों का टारगेट मिला था, जिसमें से 09 किसानों व बेरोजगार युवाओं का चयन किया जा चुका है। बाकी 10 सीटों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित किसानों व बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण करनाल में दिया जाएगा, जिसका खर्च सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। कृषि और किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि आवेदनकर्ता का मूल विवरण परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), शैक्षिक योग्यता (प्रमाणपत्र अपलोड करना), पासपोर्ट विवरण (अपलोड करना), संबंधित सीएचसी/एफपीओ की ओर से किए गए कार्य (डीडीए का प्रमाणपत्र अपलोड करना) और कृषि गतिविधियों (एमएफएमबी पंजीकरण और प्रगतिशील किसानों का विवरण) से प्राप्त किया जाएगा। संबंधित सहायक कृषि अभियंता और उप-निदेशक की ओर से आवेदन प्राप्त करने की कट-ऑफ तारीख के बाद 7 दिनों के भीतर और योग्यता सूची विभागीय मापदंडों के अनुसार तैयार की जाएगी।