सोनीपत। बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सुविधा देने के उद्देश्य से उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने खाका तैयार किया है, जिसके तहत सोनीपत शहर समेत जिले में 33-33 केवीए के 19 सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिस पर करीब 76 करोड़ रुपये की लागत आएगी। बिजली के सब स्टेशन स्थापित करने के लिए एक साल का समय निर्धारित किया गया है। बिजली सब स्टेशन बनने के बाद लोगों को निर्बाध रूप से बिजली मिलेगी। इस योजना को साकार रूप देने के लिए बिजली निगम मुख्यालय की ओर से मंजूरी दी जा चुकी है। प्रत्येक बिजली स्टेशन स्थापित करने के लिए बिजली निगम की ओर से चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बिजली निगम के जिले में लाखों ज्यादा उपभोक्ता हैं। निगम की ओर से शहरी व ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं को शेड्यूल अनुसार बिजली आपूर्ति करने का दावा किया जाता है। ओवरलोड के चलते बिजली के पावर हाउस पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। इस वजह से फाल्ट बढ़ जाते हैं। बिजली निगम की तरफ से ओवरलोड की समस्या को कम करने के लिए नए पावर हाउस स्थापित करने की योजना तैयार की है। जिले में बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए 76 बिजली सब स्टेशन का संचालन किया जा रहा है, जिनसे जिले भर में रोजाना 75 से 90 लाख यूनिट बिजली की खपत की जा रही है। बढ़ती जनसंख्या के अनुसार जिले में बिजली आपूर्ति में भी बढ़ोतरी हो रही है। इस कारण कई बार बिजली के लंबे कट लगते हैं। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इन स्थानों पर स्थापित होंगे बिजली सब स्टेशन
जगदीशपुर, सेक्टर- 2, 3, 4, 6 व 12, बैंयापुर, बड़वासनी, उल्देपुर, डीआईसीटी गन्नौर, आहुलाना, तिहाड़ मलिक, सनपेड़ा, बजाना कलां, उदेशीपुर, पलड़ी, दीपालपुर, फाजिलपुर, मनौली में 33केवीए के बिजली सब स्टेशनों की स्थापना की जानी है। इसको लेकर बिजली निगम की ओर से जिला प्रशासन व संबंधित विभाग को जमीन देने के लिए पत्र लिखा है। जमीन के लिए सहमति बनने पर बिजली निगम की परचेज कमेटी जमीन का निरीक्षण करेगी। इसके बाद जमीन की खरीद होने के बाद बिजली सब स्टेशन स्थापित किए जा सकेंगे। प्रत्येक सब स्टेशन डेढ़ से दो एकड़ में स्थापित किया जाएगा।
यह होगा फायदा
जिले में 19 बिजली सब स्टेशन स्थापित होने से न केवल संबंधित उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी, बल्कि आसपास के गांवों व अन्य क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा। उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मुहैया कराने को निगम प्रयासरत है। 19 बिजली सब स्टेशन स्थापित करने के लिए मुख्यालय से प्रस्ताव पर मंजूरी मिल गई है। जमीन मिलने के बाद निर्माण एजेंसियों को टेंडर आवंटित किया जाएगा। अगले एक वर्ष में कार्य पूरा कर संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर तरीके से चालू कर दी जाएगी।
जिलेभर में 19 बिजली सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसको लेकर मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। जमीन खरीद करने के लिए जिला प्रशासन व संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है। जमीन स्थानांतरित होने के बाद बिजली सब स्टेशन स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
संदीप जैन, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, सोनीपत