राई। बीसवां मील चौक के पास से राई थाना पुलिस ने कार से 18 पेटी शराब बरामद की है। साथ ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह शराब की तस्करी कर दिल्ली ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली के भलस्वा डेयरी स्थित जेजे कॉलोनी निवासी अनिल व ललिंद्र पासवान है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें जेल भेज दिया गया। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद से पुलिस लगातार शराब की तस्करी करने वालों पर शिकंजा कस रही है।
राई थाना में नियुक्त हवलदार सुधीर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी टीम के साथ मंगलवार को केजीपी-केएमपी जीरो प्वाइंट पर गश्त कर रहे थे। उसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक शराब की तस्करी कर उसे दिल्ली लेकर जाने वाले हैं। जिस पर टीम ने बीसवां मील चौक के पास नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान जठेड़ी रोड की तरफ से एक वैगन-आर कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकवा लिया। कार चालक की पहचान अनिल और उसके साथ बैठे युवक की पहचान ललिंद्र के रूप में दी। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अंदर शराब भरी मिली। कार के अंदर 18 पेटी देशी शराब बरामद की गई। आरोपी शराब को लेकर कोई कागजात या परमिट नहीं दे सके। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि वह शराब को दिल्ली में बेचकर मुनाफा कमाने चाहते थे। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सोनीपत में लगातार पकड़ी जा रही शराब
लोकसभा चुनाव को आदर्श आचार संहिता लगाने के बाद से पुलिस टीम लगातार अवैध शराब पर शिकंजा कस रही है।
-30 अप्रैल को गन्नौर में 199 पेटी शराब पकड़ी।
-28 अप्रैल को सीआईए-1 ने वर्धमान सोसाइटी के बेसमेंट से 75 पेटी शराब पकड़ी।
-25 अप्रैल को मुरथल पुलिस ने दो कार से 120 पेटी शराब पकड़ी।
-21 अप्रैल को सीआईए की टीम ने खरखौदा में 180 पेटी शराब पकड़ी।
-16 अप्रैल को कुराड़ के पास से 980 पेटी शराब पकड़ी।
-11 अप्रैल को खरखौदा में जटौला के पास से 1983 पेटी शराब पकड़ी।
-10 अप्रैल को सेक्टर-27 थाना क्षेत्र से 120 पेटी शराब पकड़ी गई।
-10 अप्रैल को मल्हा माजरा के पास से 90 पेटी शराब व बीयर पकड़ी।
-10 अप्रैल को बहालगढ़ क्षेत्र से दो युवक 50 पेटी शराब सहित पकड़े गए।
-7 अप्रैल को सेक्टर-3 क्राइम यूनिट ने ट्रक 262 पेटी देशी शराब व 3 पेटी अंग्रेजी शराब और 40 पेटी बीयर बरामद की है। वहीं बोलेरो से 258 देशी शराब बरामद की।