संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव चौहान जोशी में चोरों ने घर से 1.70 लाख रुपये और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय परिवार घूमने के लिए मध्य प्रदेश के उज्जैन गया हुआ था। घर पर पीड़ित की मां और बुआ ही थीं। उनको चोरी का पता नहीं चला।
किसान आशीष ने बहालगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है कि वह घूमने के लिए 2 अप्रैल को उज्जैन गए हुए थे। घर में उनकी मां रामेश्वरी और बुआ संतोष थीं। 7 अप्रैल को जब वह लौटे और अपने कमरे में गए तो अलमारी के लॉकर का ताला टूटा हुआ मिला।
उन्होंने कहा कि जांच करने पर उसमें से 1.70 लाख रुपये, चार सोने के कंगन, तीन अंगूठियां, चेन और गले का सेट गायब था। पीड़ित ने चोरी की सूचना पुलिस को देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।