फोटो 30: सोनीपत बस अड्डे से अपने गंतव्य की ओर से जाने के लिए पहुंचे यात्री। संवाद
सोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सोमवार को हुए राज्यस्तरीय समारोह में लोगों को लाने के लिए सोनीपत रोडवेज की ओर से 17 बसें भेजी गईं। जिनमें सोनीपत बस अड्डे से 11 और गोहाना से छह बसें शामिल थीं। कार्यक्रम में बसों को भेजे जाने के कारण सोनीपत और गोहाना के कई रूटों पर बस सेवा प्रभावित रही। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
महाराजा अग्रसेन जयंती पर राजपत्रित अवकाश होने की वजह से सोमवार को सभी सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान बंद रहे। लेकिन नवरात्र के चलते बाजारों में खरीदारी करने वाले लोग पहुंचे। ऐसे में उन्हें अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए बसों का इंतजार करना पड़ा। राजपत्रित अवकाश की वजह से सोमवार को बस अड्डे पर भी भीड़ कम दिखी।
वहीं, स्टैंड सुपरवाइजर सुरेंद्र दुग्गल ने बताया कि कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन किया गया है और कई बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी गई।