सोनीपत। नगर निगम की ओर से विभिन्न वार्डों में पेयजल व सीवर कनेक्शन को वैध कराने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। शनिवार को मुखी अस्पताल के पास बूस्टिंग स्टेशन में चार आवेदन और ककरोई रोड पर लगाए गए शिविर में 13 आवेदन आए।
शिविर में लोगों के पेयजल व सीवर कनेक्शन वैध कराने के लिए दस्तावेज जमा किए गए। दोनों जगह शिविर के माध्यम से 17 लोगों ने अपने दस्तावेज जमा करवाए। निगम अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के आवेदन जमा हो चुके हैं जल्द ही उन्हें नगर निगम कार्यालय में फीस जमा करवाने के लिए बुलाया जाएगा।
शिविर के माध्यम से लोग 1550 रुपये खर्च कर अपने कनेक्शनों को वैध की श्रेणी में शामिल कर सकते हैं। निगम ने पेयजल कनेक्शन वैध करवाने के लिए 1050 रुपये व सीवर कनेक्शन वैध करवाने के लिए 500 रुपये शुल्क तय किया है।