फोटो 36- सोनीपत के गोहाना रोड स्थित समाज कल्याण विभाग कार्यालय में पेंशन बनवाने के लिए दस्तावे
सोनीपत। जिला के 1639 नए पात्र लोगों को जल्द पेंशन सम्मान भत्ते की योजना से जोड़कर लाभ मुहैया करवाया जाएगा। जिला समाज कल्याण विभाग को मुख्यालय की ओर से इन लोगों की सूची तैयार कर भेजी गई है, ताकि पात्र लोगाें को पेंशन सम्मान भत्ते से जोड़ा जा सके। कुल 1639 लोगों में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, विधुर व अविवाहित पात्र लोगों को शामिल किया गया है।
जिला में फिलहाल 2 लाख 09 हजार लोग विभिन्न वर्गों के तहत पेंशन सम्मान भत्ते का लाभ उठा रहे हैं। इनमें 121419 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन भत्ता मुहैया करवाया जा रहा है। अब मुख्यालय की ओर से अक्तूबर के 1241 व नवंबर माह के 398 पात्र लोगों की सूची तैयार कर जिला समाज कल्याण विभाग को भेजी गई है। विभाग को पात्र लोगाें के कागजात व फोटो जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। नए लोगों को पेंशन योजना से जोड़ने के बाद जिला में 2 लाख 10 हजार 639 लोग पेंशनधारक हो जाएगा।
विभाग की ओर से कुछ पात्र लोगों को कार्यालय बुलाकर उनके दस्तावेज जमा करवाने का काम शुरू कर दिया गया है, जबकि खंड स्तर पर भी कार्यालय के 3 कर्मचारी घर-घर जाकर लोगाें के दस्तावेज एकत्रित करने में जुटे हैं। पात्र लोगों से दस्तावेज एकत्रित कर व मोबाइल से फोटो स्केन कर मुख्यालय भेजी जाएगी, ताकि पात्र लोगों को जल्द योजना के तहत पेंशन का लाभ दिलाया जा सके।
किस वर्ग में कितने बढ़ेंगे पेंशन पात्र लोग
वर्ग पात्र संख्या
वृद्धावस्था 1338
विधवा 157
दिव्यांग 51
विधुर व अविवाहित 93
मुख्यालय ने नई पेंशन के लिए जिला समाज कल्याण कार्यालय को 1639 पात्र लोगों की सूची भेजी है। जिला में खंड अनुसार पेंशन पात्रों के दस्तावेज जमा करवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। खंड स्तर पर भी पात्र लोगों को दस्तावेज व फोटो एकत्रित करवाए जा रहे हैं। आसपास के लोगों को कार्यालय में बुलाकर दस्तावेज व फोटो एकत्रित किए जा रहे हैं, जिन्हें बाद में मुख्यालय भिजवाकर लोगों को पेंशन योजना से जोड़ा जाएगा। -जोगिंद्र राठी, लेखा अधिकारी, समाज कल्याण विभाग, सोनीपत