रंग बरसे भीगे चुनर वाली पर थिरकीं छात्राओं संग शिक्षिकाएं
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जिले के महिला कालेजों में शनिवार को एक-दूसरे को रंग लगाकर होली मनाई गई और होली गीतों पर छात्राओं संग शिक्षिकाएं भी खूब थिरकीं। विद्यार्थी व शिक्षकों के अंतर को भुलाकर सभी ने एकजुट होकर स्नेह के रंग बिखेरते हुए होली मनाई। जीवीएम गर्ल्स कॉलेज में होली से पहले शनिवार को जुंबा व होली रंगोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें विशेष रूप से संगीत का आयोजन हुआ। डीजे पर रंग बरसे भीगे चुनर पर हर कोई झूमता दिखाई दिया। होलिया में उड़े रे गुलाल कहियो रे मंगेतर नै, होली खेले रघुवीरा, आज न छोड़ेंगे बस खेलेंगे हम होली आदि होली के गीतों पर शिक्षिकाओं व छात्राओं ने जमकर गुलाल उड़ाया।
रंगोत्सव की शुरुआत जुंबा की मस्ती से की गई, जिसमें डांस फोर एवर के संचालक दीपक व तन्वी ने छात्राओं को जुंबा का अभ्यास कराया। हजारों छात्राओं ने जुंबा में हिस्सा लेते हुए विभिन्न गीतों पर डांस किया। डांस की एक विशेष फॉर्म जुंबा में छात्राओं ने खूब मस्ती की। जुंबा के आयोजन में कालेज के रोट्रैक्ट क्लब ने विशेष भूमिका निभाई। इसके बाद कालेज में होली के रंग उड़ाए गए। प्राध्यापिका तारिका सेठी, रूचिका विरमानी, भूमिका शर्मा, प्रीति, महिमा, राकेश जुनेजा, मीना, वंदना, कीर्ति, अनीता, मीनू, निहारिका, रोहिणी मदान, रोजी चोपड़ा, कमलेश चोपड़ा, कीर्ति, अंशु, कृति, कनुप्रिया, सेजल आदि ने होली के गीतों पर जमकर डांस किया। प्राचार्या डॉ. ज्योति जुनेजा ने भी छात्राओं व शिक्षिकाओं के साथ थिरकते हुए होली के रंग उड़ाये। होली महोत्सव में केमिकल रहित गुलाल का प्रयोग किया गया। साथ ही जल संरक्षण का ध्यान रखा गया। छात्राओं ने शिक्षिकाओं के साथ जल रहित होली खेलने का आनंद लिया।
टीकाराम कॉलेज में खूब उड़ाए होली के रंग
टीका राम गर्ल्स कॉलेज में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्राचार्या डॉ. मोनिका वर्मा ने कहा कि यह आपसी प्रेम का त्यौहार है और इस दिन सभी बैर-भाव को भुलाकर एक दूसरे को गुलाल लगाकर गले से लगाते हैं। छात्राओं ने रंगों के रंग में सराबोर होकर ढोलक की थाप के साथ नृत्य करके दर्शकों का मन मोह लिया। प्राध्यापक भी आपस में गुलाल लगाकर होली के रंगों में रंगे हुए नजर आए।
मुरथल कॉलेज में सभी ने खेली होली
ताऊ देवी लाल राजकीय महिला महाविद्यालय मुरथल में छात्राओं द्वारा होली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डा. सरोज मलिक ने छात्राओं को होली की शुुभकामनाएं दी व सौहार्द व पानी रहित होली मनाने के लिए प्रेरित किया। इनके साथ अन्य स्टाफ सदस्य डॉ. राजेश भारद्वाज, सरिता बंगा, अमिता रानी, डॉ. जसबीर सांगवान, मीनू, डॉ. राजवन्ती धनखड़, डॉ. संदीप दहिया, सविता मलिक, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. अंकुर कुमार डॉ. एकता रानी, डॉ. शर्मिला बधवार, डॉ. सरिता लाकड़ा, राकेश राठी मौजूद रहे।