खेल महाकुंभ में बवाल: प्वाइंट विवाद में कोच को पीटा, विरोध में नहीं कराए कुश्ती के मैच
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। खेल महाकुंभ में पहले फर्जी खिलाड़ी खिलाने को लेकर हंगामा हुआ, इसके दूसरे दिन और बड़ा बवाल हो गया। कुश्ती के मैचों में प्वाइंट विवाद को लेकर एक प्राइवेट एकेडमी के संचालक ने कोच के साथ मारपीट कर दी। कोच को जमकर पीटा गया, जिससे वह घायल हो गए। आननफानन में कोच को सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। मारपीट की इस घटना का कुश्ती के अन्य कोचों ने कड़ा विरोध किया, और कुश्ती के मैच कराने से इंकार कर दिया। जिससे शुक्रवार को कुश्ती का एक भी मैच नहीं हो सका। वहीं इस मामले में पुलिस में शिकायत दी गई, और उसके बाद डीएसओ की मौजूदगी में सभी कोच की बैठक हुई। बैठक में आरोपी एकेडमी संचालक ने वहां पहुंचकर कोच से माफी मांगी, जिससे मामले में समझौता होने पर पुलिस कार्रवाई को रुकवा दिया गया। अब कुश्ती के सभी मैच शनिवार को कराए जाएंगे।
खेल महाकुंभ के तहत सुभाष स्टेडियम में 26 सितंबर से खेल प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। वहां वीरवार को दोपहर के समय डीसी केएम पांडुरंग ने खेल महाकुंभ का उद्घाटन किया, और उसके बाद नेटबॉल के फाइनल को लेकर विवाद हो गया था। सोनीपत ब्लॉक की टीम में बाहरी खिलाड़ी खिलाए जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ था और टीम से दो खिलाड़ियों को बाहर निकालने के बाद किसी तरह फाइनल मैच कराया गया था। यह मामला किसी तरह सुलझ सका था कि कुश्ती हॉल में प्वाइंट को लेकर बड़ा विवाद हो गया। वहां ग्रीको रोमन की 59 किग्रा भार वर्ग की कुश्ती चल रही थी तो सोनीपत में एक एकेडमी के संचालक ने रेफरी पर एक प्वाइंट गलत देने का आरोप लगा दिया। जिसको लेकर टेक्रिकल ऑफिसर्स टीम के पास मामला पहुंचा और उन्होंने रेफरी के प्वाइंट देने के फैसले को सही करार दिया। उसके बाद भी वह एकेडमी संचालक पहलवान को प्वाइंट देने का विरोध करता रहा। जिससे वहां मौजूद स्टेडियम के कोच वजीर ने उसे समझाने का प्रयास किया कि जब टेक्रिकल टीम ने फैसला सही बताया है तो प्वाइंट गलत नहीं दिया गया है। इसको लेकर एकेडमी संचालक ने गाली-गलौच शुरू कर दी, जिसका विरोध करने पर कोच के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। कोच को जबरन हॉल से बाहर ले जाकर एकेडमी संचालक ने लात-घूंसों से पीटा, जिससे कोच घायल हो गए। वहां कोच को अन्य लोगों ने किसी तरह बचाया तो एकेडमी संचालक वहां से भाग गया। उसी समय कुश्ती के मैच रोक दिए गए और कोच का सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया। उसके बाद सिटी थाने में मामले की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई। इस तरह शुक्रवार को खेल महाकुंभ हंगामा और मारपीट की घटनाओं की भेंट चढ़ गया।
कुश्ती के मैच नहीं कराए
कोच वजीर के साथ इस तरह मारपीट की घटना होने का पता चलने पर कुश्ती के अन्य कोच भी विरोध में खड़े हो गए। इस कारण ही शुक्रवार को कुश्ती का एक भी मैच नहीं कराया गया और कोच ने मैच कराने से साफ इंकार कर दिया। कोच का कहना था कि उनको जब तक सुरक्षा नहीं दी जाएगी, वह मैच नहीं कराएंगे। इस तरह मामला बिगड़ता देखकर डीएसओ प्रेम सिंह हुड्डा ने सभी कोच की शुक्रवार को अपने कार्यालय में मीटिंग बुलाई। वहां कोच से बातचीत की गई और उसी समय मारपीट करने वाला एकेडमी संचालक भी अपने पिता के साथ पहुंच गया। वहां उसने कोच से माफी मांगी और इस तरह आगे कभी गलती नहीं करने की बात कही गई। उसके बाद कोच व एकेडमी संचालक के बीच समझौता करा दिया गया।
आज होंगे कुश्ती के मैच
खेल महाकुंभ में कुश्ती के मैच कोच के विरोध के कारण एक दिन पीछे कर दिए गए है और यह मैच अब शनिवार को कराए जाएंगे। मैच शुक्रवार को नहीं होने के कारण पहलवानों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। क्योंकि उनको मैच कैंसिल किए जाने की कोई सूचना नहीं थी और वह दिनभर स्टेडियम में आकर इसकी जानकारी लेते रहे। उनको दोपहर बाद बताया गया कि कुश्ती के मैच नहीं कराए जाएंगे और उनके मैच शनिवार को सुबह से शुरू कराए जाएंगे। उसके बाद पहलवान वापस लौट गए।
स्टेडियम में कुश्ती के दौरान प्वाइंट को लेकर एक एकेडमी संचालक ने कोच के साथ मारपीट कर दी थी। इस मामले में शुक्रवार को सभी कोच के साथ मीटिंग की गई और उनको समझाया गया। मारपीट करने वाला एकेडमी संचालक भी वहां आ गया था और उसने कोच से सभी के सामने माफी मांगी, जिससे बाद उनके बीच समझौता हो गया है।
प्रेम सिंह हुड्डा, जिला खेल अधिकारी