सोनीपत। चुनावी सरगर्मियां बढ़ने के साथ ही मंगलवार को सोनीपत बस अड्डे से 16 बसें प्रशासनिक ड्यूटी पर भेजी गई। इससे गन्नौर, खानपुर कलां, फरमाणा सहित कई लोकल रूटों पर परिवहन सेवाएं बाधित रहीं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा। विभिन्न रूटों पर आने-जाने वाले लोगों को अपने रूट की बस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन 5 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा हुआ है। चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए सुरक्षा बलों की टुकड़ियां बुलवाई गई हैं। इन टुकड़ियों को विभिन्न स्थानों पर भेजने के लिए रोडवेज से बसों की मांग की गई है। सोनीपत बस अड्डे से रविवार को जहां छह बसों को प्रशासनिक ड्यूटी पर भेजा गया था, वहीं मंगलवार को 10 और अतिरिक्त बसें भेजी गई हैं।
इससे विभिन्न रूटोंं पर दिन भर यात्रियों को बसों की कमी का सामना करना पड़ा। सोनीपत बस अड्डे में मौजूदा समय में करीब 134 बसें हैं। बस डिपो से चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध हैं। वहीं प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों के लिए भी सोनीपत बस डिपो से बसें चलाई जाती हैं।