अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सेक्टर-15 आउटर रोड क्षेत्र में कैलाशपुर के निकट प्लॉट से जबरन सड़क निकालने के विरोध पर ठेकेदार व उसके साथी ने रिटायर्ड फौजी व उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि दूसरे बेटे ने मौके से भागकर जान बचाई। रिटायर्ड फौजी को चार और बेटे को दो गोली मारी गई थी। रिटायर्ड फौजी ने मौके पर और उसके बेटे ने दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। ठेकेदार टीडीआई ग्रीन के दो हिस्सो को मिलाने के लिए सड़क बना रहा था और उस सड़क के बीच में रिटायर्ड फौजी का प्लॉट आ रहा था। जहां दबंगई दिखाते हुए ठेकेदार ने जबरन प्लॉट के बीच से सड़क निकालना चाह रहा था, जिसको लेकर यह विवाद हुआ। इस मामले में पुलिस ने दूसरे बेटे के बयान पर ठेकेदार, उसके साथी व पांच अन्य के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से गांव आंवली के रहने वाले नरेंद्र मलिक फौज से सेवानिवृत्त था जो फिलहाल अपने परिवार के साथ गोहाना के विष्णु नगर में रहता था। नरेंद्र मलिक ने कैलाशपुर के पास टीडीआई ग्रीन बिल्डर के निकट साढ़े सात सौ गज का प्लॉट खरीद था। उसके प्लॉट के दोनों तरफ टीडीआई ग्रीन का हिस्सा है। दोनों हिस्सों को मिलाने के लिए सड़क का निर्माण किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि राजलूगढ़ी का रहने वाला ठेेकेदार नरेंद्र मलिक प्लॉट के बीच से जबरन सड़क निकालने का प्रयास कर रहा था। इसे लेकर पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। सोमवार को नरेंद्र मलिक अपने बेटे विक्रम और विकास के साथ अपने प्लॉट पर गया था। उन्होंने देखा कि ठेकेदार गांव राजलूगढ़ी निवासी कृष्ण ने उनके प्लॉट के बीच मिट्टी डालकर सड़क बना रहा था। जब उन्होंने विरोध किया तो ठेकेदार से उनकी कहासुनी हो गई। ठेकेदार का साथी व पांच-छह अन्य व्यक्ति वहां आ गए। इसी बीच ठेकेदार और उसके एक साथी दोनों ने पिस्टल से गोली चला दी। नरेंद्र मलिक को चार और विक्रम को दो गोली मारी गई। विकास ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। बाद में हमलावर फरार हो गए। फौजी नरेंद्र मलिक की मौके पर ही मौत हो गई। विकास ने गोली की आवाज सुनकर आए लोगों की मदद से घायल विक्रम को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उसे बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में ले गए। जहां से भी उसे दिल्ली रेफर कर दिया। विक्रम को दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां रात को विक्रम ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने विकास के बयान पर कृष्ण ठेकेदार, उसके एक अन्य साथी व पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा।
वर्जन
कैलाशपुर के पास टीडीआई ग्रीन की सड़क बनाने को लेकर हुए झगड़े में रिटायर्ड फौजी व बेटे की हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक नामजद सहित छह अन्य के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
दलबीर सिंह दांगी, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।