अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कहा कि शहर की 16 कालोनियों और निगम के 10 गांवों में 58 करोड़ रूपए खर्च कर पीने के पानी की लाइन बिछाई जाएगी। अगले 15 महीने के अंदर अमृत योजना के तहत यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा, जिससे शहर के प्रत्येक व्यक्ति को 135 लीटर प्रतिदिन प्रति व्यक्ति पानी दिया जाएगा।
मुखी अस्पताल के पास पुराने पशु अस्पताल परिसर में शनिवार सुबह अमृत योजना के तहत पेयजल लाइन बिछाने के कार्य शुरू करने के लिए मंत्री कविता जैन एवं प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने नारियल तोड़कर आधारशिला रखी। इसके बाद उन्होंने पुरानी तहसील में 1.14 करोड़ से बनने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया। इससे आसपास के क्षेत्र में सार्वजनिक व निजी आयोजन करने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। राजीव जैन ने कहा कि आज शहर के लोगों और निगम के गांवों में पानी की व्यवस्था मजबूत करने के लिए काम शुरू हो रहा है, जिससे हजारों लोगों को लाभ पहुंचेगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा. ओमप्रकाश आत्रेय, रविंद्र दिलावर, जिला महामंत्री मनोज जैन, मंडल अध्यक्ष नवीन मंगला, संजय वर्मा आदि मौजूद रहे।
यहां बिछाई जाएगी पानी की लाइन
मंत्री कविता जैन ने बताया कि शिव कालोनी, चावला कालोनी, ऋषि कॉलोनी, हनुमान नगर, शास्त्री कालोनी, विकास कालोनी, भरत सिंह कालोनी, गोबिंद कालोनी, जीवन नगर एक्सटेंशन, पटेल नगर, कैलाश नगर एक्सटेंशन, कबीरपुर कालोनी, शादीपुर, मायापुरी, कीर्ति नगर/इंदिरा नगर एक्सटेंशन, सिद्धार्थ नगर में 118 किलोमीटर लंबी पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। वहीं मुरथल, नांगल खुर्द, किशोरा, कुमासपुर, मुकीमपुर, दीपालपुर, जोशी चौहान, खेवड़ा, बहालगढ़, असावरपुर में 72 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाई जाएगी।