सोनीपत। कोरोना संक्रमण से राहत नहीं मिल रही है। मंगलवार को कोरोना के 15 संक्रमित मिले हैं और 14 मरीज ठीक हुए हैं। जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। लोगों को नियमों का उल्लंघन करना भारी पड़ रहा है। लोग बाजारों में बिना मास्क लगाए खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। साथ ही अस्पतालों में कोरोना नियमों को तोड़ा जा रहा है। कोई भी व्यक्ति न शारीरिक दूरी का पालन कर रहा है और न ही मास्क लगा रहा है।
प्रशासन की ओर से लोगों को कोरोना नियमों का पालन नहीं करवाया जा रहा है। जिसके कारण लोग बाजारों व सार्वजनिक कार्यालयों में बिना मास्क लगाए पहुंच रहे हैं। जिसके कारण कोरोना की रफ्तार तेज होने लगी है। अगर समय रहते स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया तो स्थिति गंभीर होने की आशंका है। बाजारों में लोग दो गज की शारीरिक दूरी तक का पालन नहीं कर रहे और न ही मास्क लगा रहे हैं। मंगलवार को 280 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसमें 181 आरटीपीसीआर और 99 रैपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रैपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट मंगलवार को प्राप्त हो गई। इसमें से एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। वहीं आरटी पीसीआर की पुरानी 209 रिपोर्ट में से 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इससे संक्रमण दर मंगलवार को बढ़कर 6.70 फीसदी रही। संक्रमित सभी मरीज होम आइसोलेशन में रखे गए हैं।
वर्जन
जिले में कोरोना के केस दोबारा बढ़ रहे हैं। मंगलवार को कोरोना के 15 संक्रमित मिले हैं। लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की जा रही है। अगर किसी व्यक्ति को बुखार के लक्षण मिलते हैं तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।
डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन सोनीपत