संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष जगजीत सिंह के नेतृत्व व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी व जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव प्रचेता सिंह की देखरेख में शनिवार को सोनीपत व उपमंडल गोहाना, गन्नौर व खरखौदा न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना क्लेम मामलों के 15 केसों का निपटारा किया गया। इनमें वादियों का 1,72,55,000 की समझौता राशि का निपटारा किया गया। इसके अलावा 7,052 चालानों का निपटारा कर 80,76,100 रुपये की राशि वसूली गई।
फौजदारी के 69 मामलों का निपटान किया गया। साथ ही 371 सिविल, 151 लेबर, 350 बिजली संबंधित, 171 वैवाहिक विवाद संबंधी, 5,782 राजस्व मामलों से संबंधित, 127 चेक बाउंस संबंधित मामलों का निपटान कर 1,36,13,438 की राशि का निस्तारण किया गया।
जिला एडीआर सेंटर में स्थायी लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न बैंकों के रिकवरी से संबंधित 43 मामलों व टेलीफोन के बिल रिकवरी से संबंधित 36 मामलों का निपटान किया गया। इसके अतिरिक्त 466 अन्य मामलों का निपटारा किया गया।
प्रचेता सिंह ने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आमजन को बहुत ही लाभ पहुंचाया गया और कई साल से न्यायालय में लंबित पड़े मुकदमों का निपटारा किया गया।