सोनीपत। एफसीआई के अधिकारी गोदाम में गेहूं के बोरों को रखवाने की बजाय उनमें ज्यादा नमी व खरपतवार बताकर वापस अनाज मंडी में भेज रहे हैं। जिसके चलते आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में आढ़तियों ने वीरवार को सभी खरीद एजेंसियों का बहिष्कार कर उठान का कार्य रुकवा दिया। उन्होंने ऐलान किया कि अधिकारी मंडी में खुद आकर गेहूं को चेक करके ही उठवाएं, जिससे आढ़तियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मंडी के प्रधान पवन गोयल, संजय वर्मा, प्रवीन गोयल, पवन बंसल, राकेश बंसल, रामनिवास सिंगला आदि ने कहा कि अनाज मंडी में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से सोमवार व बुुधवार, हैफेड की ओर से मंगलवार व वीरवार और एफसीआई की ओर से शुक्रवार, शनिवार व रविवार को गेहूं की खरीद की जा रही है। एफसीआई के गोदाम में जब गेहूं के बोरों से लदे ट्रक मंडी से भेजे रहे हैं, वहां अधिकारी गेहूं में ज्यादा नमी व खरपतवार बताकर गोदाम से ट्रक को वापस भेज रहे हैं। जिसके चलते मंडी में आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। अब आढ़तियों से ऐलान किया कि अब सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारी ही मंडी में आकर गेहूं को खरीद और उसकी खुद ही लोडिंग कराएं। अब लोडिंग कराने की जिम्मेदारी आढ़तियों की नहीं होगी।