नहरों के बीच 12.34 करोड़ से सुधारी जाएगी सड़क की हालत
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। दिल्ली बॉर्डर से पानीपत तक नहरों के बीच की 46.40 किमी सड़क की हालत जल्द सुधारी जाएगी, जिससे उस सड़क पर वाहन चालकों का सफर आसान हो जाएगा। सड़क का नवीनीकरण करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 12.34 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा, जिसका टेंडर लगाया गया है। इस सड़क के गड्ढे दूर होने से 20 से ज्यादा गांवों के साथ ही करीब डेढ़ लाख आबादी को फायदा होगा। क्योंकि यह सड़क पिछले कई साल से टूटी हुई थी और इस कारण लोगों को परेशानी उठाने के साथ ही कई बार हादसे हो चुके हैं।
दिल्ली के हरेवली से पानीपत के डिंडार तक 46.40 किमी लंबी सड़क की हालत पिछले काफी समय से खराब है। सड़क टूटने से गड्ढे बने हुए हैं और उस सड़क पर वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क टूटने के कारण उसपर हादसे भी बढ़ रहे है। इस कारण ही पीडब्ल्यूडी की ओर से सरकार को सड़क के नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव दिया गया था। इसके लिए सरकार ने 12.34 करोड़ रुपये जारी किए कर दिए हैं। जिसके बाद काम कराने के लिए पीडब्लयूडी अधिकारियों ने टेंडर लगाया है। इसका टेंडर अलॉट होते ही काम शुरू कराने की बात कही जा रही है।
मार्ग चौड़ा करने के प्रस्ताव को सीएम दे चुके मंजूरी
दिल्ली के हरेवली से लेकर पानीपत के डिंडार गांव तक मार्ग को सात मीटर चौड़ा करने के लिए 334 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को सीएम मनोहर लाल मंजूरी दे चुके हैं। लेकिन सरकार की ओर से अभी तक बजट जारी नहीं किया है। इन 334 करोड़ रुपये से सड़क को चौड़ा करने के अलावा सोनीपत में रोहतक रोड पर गांव रोहट व जींद-गोहाना रेलवे लाइन पर उपरगामी पुल बनाया जाना है। रेलवे लाइन के पास सड़क पर अभी तक फाटक लगाया हुआ है।
20 से ज्यादा गांवों के लोगों को होगा फायदा
सड़क की हालत सुधारने से हरेवली, नाहरी, नाहरा, बिंदरौली, रोहट, ककरोई, महलाना, बड़वासनी, हुल्लाहेड़ी, चिटाना, माहरा, जुआं, कैलाना, सिटावली, महमूदपुर माजरा, खूबडू, सरढ़ाना, आहुलाना, नया बांस, डिंडार गांव व इनके साथ लगते गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी।
---
नहरों के बीच की सड़क की हालत सुधारने के लिए 12.34 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया है। टेंडर अलॉट होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। छह माह में सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
-विकास कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी