सोनीपत। कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया ने स्थानीय निकाय विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट चार्ज के नाम पर बढ़ाए गए शुल्क पर कड़ा ऐतराज जताया है। विधायक का कहना है कि यह सीधे तौर पर उपभोक्ता की जेब पर डाका डालने जैसा है। इससे विभाग ने लोगों पर अतिरिक्त बिजली बिल का भार डाला है। उन्होंने चेताया कि अगर इसे सरकार ने वापस नहीं किया, तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी।
विधायक जयतीर्थ दहिया ने कहा कि पहले स्ट्रीट लाइट के नाम पर उपभोक्ता से पांच पैसे प्रति यूनिट का शुल्क लिया जाता था। यानि की एक उपभोक्ता अगर दो माह में 500 यूनिट खर्च करता था, तो उसे 25 रुपये देना पड़ता था। अब सरकार ने तय किया है कि इसे दो प्रतिशत कुल बिल की राशि पर देना होगा। ऐसे में 500 यूनिट बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ता का करीब 3000 से 3200 रूपये बिल बनेगा और दो प्रतिशत के हिसाब से उसे 60 रुपये स्ट्रीट लाइट का बिल अदा करना होगा। उन्होंने कहा कि अधिकतर शहरी उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनका दो माह का बिल 500 यूनिट या इससे कहीं अधिक रहता है। ऐसे में इन उपभोक्ताओं पर यह अतिरिक्त भार सरकार ने डाला है। विधायक ने सरकार से मांग की है कि इस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की। अगर ऐसा नहीं किया जाता है, तो कंाग्रेस इसका विरोध करेगी।