शराब कारोबारी को गोली मारने के मामले में चार गिरफ्तार
- मामूली कहासुनी में शराब कारोबारी की ओर से दी धमकी को बताया रंजिश का कारण
- पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर शुरू की पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत। शहर के कबीरपुर रोड पर शराब कारोबारी को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी इंडियन कालोनी निवासी रोहित उर्फ टिन्नू, गांव समचाना निवासी बिजेंद्र, गांव रिढाऊ निवासी अंकित व कोट मोहल्ला निवासी सुमित उर्फ माया है। पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव रिढाऊ निवासी वीरेंद्र ने 1 सितंबर को सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया था कि उसका भाई कृष्ण शराब का कारोबार करता है और फिलहाल इंडियन कालोनी में रह रहा है। उसका भाई रात को कबीरपुर रोड से कार में सवार होकर इंडियन कालोनी के लिए चला था। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उसकी कार को रुकवा कर उसे गोली मार दी थी। उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। पुलिस ने हत्या प्रयास का मामला दर्ज कर लिया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए एसआई प्रेम सिंह ने कार्रवाई करते हुए बिजेंद्र उर्फ विजय, रोहित उर्फ टिन्नू, अंकित व सुमित उर्फ माया को काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों ने बताया कि उनका शराब कारोबारी से मामूली कहासुनी में झगड़ा हो गया था। जिस पर शराब कारोबारी ने उनके घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी थी। जिसकी रंजिश में उन्होंने गोली मार दी।
वर्जन
शराब कारोबारी को गोली मारकर घायल करने के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली कहासुनी के बाद धमकी देने की रंजिश में गोली मारने की बात कही है। आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है।
इंदीवर, प्रभारी, सीआईए सोनीपत।