गांव जाखौली में नियम 134ए को लेकर मीटिंग करते ग्रामीण
- फोटो : bureau
गांव जाखौली के पंचायत सदन में शनिवार को सरपंच गौरव चौहान की अध्यक्षता में पंचायत हुई। इसमें नियम 134ए के तहत निजी स्कूलों में गरीब छात्रों को दाखिला न देने संबंधी मामले पर विचार विमर्श हुआ। इसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि आस-पास के सभी निजी स्कूल संचालकों से पूछा जाएगा कि आगामी सत्र में वे गरीब बच्चों को नियम 134ए के तहत दाखिला देंगे या नहीं। अगर उन्होंने इस बाबत मना किया तो वे निजी स्कूल संचालकों के खिलाफ आंदोलन करेंगे। इस दौरान गांव से किसी भी निजी स्कूल की बस को गुजरने नहीं दिया जाएगा। इसी मामले को लेकर आस-पास के सरपंचों की एक आम सभा भी बुलाई जाएगी। इस काम को अप्रैल माह से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही डीसी को भी इस संबंध में मांगपत्र भी सौंपा जाएगा। यह मुहिम सबसे पहले गांव जाखौली से शुरू होगी। इस मौके पर पंच जगपाल, पंच भूलेराम, पंच देवेंद्र समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।