सोनीपत। साइबर ठग लगातार लोगों को झांसे में लेकर उनकी मेहनत की कमाई को हड़प रहे है। अब ठगों ने युवक व महिला को झांसे में लेकर 13.35 लाख रुपये ठग लिए। युवक पर मुकदमें से निकालने के नाम पर रुपये लिए गए तो महिला को प्रोडक्ट का प्रमोशन करने के नाम पर मुनाफा देने का झांसा देकर रुपये ठगे गए।
गांव फिरोजपुर बांगर निवासी राकेश ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि 5 जून को उनके पास एक वीडियो कॉल आई थी। बात कर रहे शख्स ने बताया कि वह मुंबई क्राइम ब्रांच से है। उन्हें बताया गया कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। उसने कहा कि उनके आधार कार्ड पर एक बैंक खाता खुला हुआ है। इस खाते को आठ लाख रुपये में बेचा गया है। जिस नरेश गोयल नाम के व्यक्ति को यह खाता बेचा गया है। वह फर्जीवाड़ा केस में फंसा हुआ है। बैंक खाते का डेबिट कार्ड जारी हुआ है। उसके पास 50 से ज्यादा डेबिट कार्ड है। फर्जीवाड़े के केस में तुम्हें गिरफ्तार किया जाएगा। राकेश ने बताया कि उसे कहा गया कि उसके बैंक खाते की जांच की जाएगी। इसलिए आपके सरकारी बैंक के खाते में जितने भी रुपये है, उसे उनकी तरफ से दिए जा रहे बैंक खाते में डाल दो। पैसे एक घंटे बाद वापस मिल जाएंगे। राकेश का कहना है कि वह केस की बात सुनकर घबरा गया। जिसके चलते उसने 5, 20, 639 रुपये उसके दिए गए खाते में डाल दिए। बाद में ठगी का पता लगा।
रुपये निकालने के लिए महिला से दो लाख रुपये और मांगे
वहीं गांव प्रीतमपुरा निवासी शीतल ने पुलिस को बताया कि 31 मई को टेलीग्राम पर मैसेज मिला था। उन्हें प्रोडक्ट के प्रमोशन करने का टास्क दिया गया। वह बातों में आ गई। उन्हें टेलीग्राम से एक लिंक मिला। उसे ग्रुप में जोड़ लिया गया। शुरुआत में उसे टास्क पूरा करने के बदले रुपये दिए जाने लगे। फिर टास्क का लालच देकर 1 जून को पांच हजार रुपये की राशि ट्रांसफर करवा ली। उसके बाद तीन जून को फिर से 30 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इसके बाद वह झांसा देकर उससे रुपये डलवाते रहे। इस तरफ उससे 8.15 लाख रुपये की राशि डलवा ली। बाद में रुपये निकालने के लिए दो लाख रुपये की और मांग की। ठगी का पता लगने पर मुकदमा दर्ज कराया।