गोहाना/गन्नौर। क्षेत्र में गेहूं की फसल व फांसों में लगी आग ने भारी नुकसान पहुंचाया। आग के चलते बड़ौता सहित छह गांवों में करीब 90 एकड़ में गेहूं की फसल और 600 एकड़ में फांस जल गए। कई किसानों की गन्ने की फसल और हजारों पेड़ जल गए। एक साथ कई जगह आग लगने से फायर ब्रिगेड की टीमें भी समय पर स्थिति पर नियंत्रण नहीं कर पाईं। विधायक जगबीर सिंह मलिक, एसडीएम आशीष वशिष्ठ भी मौके पर पहुंचे। वहीं लड़सौली में लगी आग से 19 एकड़ गेहूं की फसल व फांस जल गए।
इन गांवों के खेतों में लगी आग
रविवार दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे गढ़ी सराय नामदार खां, बड़ौता, न्यात, ककाना व खेड़ी दमकन के खेतों में गेहूं की फसल व फांसों में आग लग गई। बड़ौता के किसानों का कहना है कि उनके खेतों में गांव न्यात के खेतों की तरफ से फसल जलते हुए आग पहुंची। इन पांच गांवों में करीब 450 एकड़ में फांस और लगभग 25 एकड़ में गेहूं की फसल जल कर राख हो गई।
गेहूं पर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग
कई किसानों ने गेहूं के साथ गन्ने की फसल जल गई। इस क्षेत्र में हजारों की संख्या में सफेदे, आम व अन्य पेड़ झुलस गए। कई किसानों के खेतों में रखे इंजनों में भी आग लग गई। घटना का पता लगने के बाद विधायक जगबीर सिंह मलिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने सरकार से जले गेहूं पर 50 हजार रुपये प्रति एकड़, फांस जलने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ और पेड़ जलने व झुलसने पर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। एसडीएम आशीष वशिष्ठ व तहसीलदार गुलाब पूनिया भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार शाम तक आग पर काबू पाया जा सका।
धनाना में हथवाला रोड और छपरा मार्ग के समीप दो जगहों अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा चलने के कारण आग फैलती चली गई। घटना की सूचना मिलने ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ों की टहनियां तोड़ कर आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। आग बेकाबू होते देख ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के पीछे हैरो जोड़ कर आग के आगे फसल की जुताई शुरू कर दी और आग पर काबू पा लिया। गांव में करीब 65 एकड़ में गेहूं की फसल और 150 एकड़ में फांस जल गए। धनाना में फायर ब्रिगेड की गाड़ी ही नहीं पहुंच पाई तो किसानों ने रोष जताया। उन्होंने गेहूं की जली फसल पर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजे की मांग की।
दमकल केंद्र गोहाना में आग बुझाने की दो गाडिय़ां हैं। क्षेत्र के कई बड़ौता, न्यात, ककाणा, खेड़ी दमकन गांव में गेहूं की फसल में आग लगी हुई थी। दोनों गाड़ियां वहीं पर आग बुझाने के लिए गई हुई थी। इसके चलते धनाना गांव में गाड़ी नहीं पहुंच पाई। -रमेश कुमार, इंचार्ज, दमकल केंद्र गोहाना।
लड़सौली में 19 एकड़ गेेहूं की फसल व फांस जलकर राख
गांव लड़सौली में अज्ञात कारणों से लगी आग से करीब 10 एकड़ गेंहू की फसल व 9 एकड़ फांस जलकर राख हो गए। किसानों का आरोप है कि उन्होंने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड केंद्र पर दी तो उन्हें बताया गया कि गन्नौर की एक गाड़ी आग लगने से जल गई है और सोनीपत की गाड़ी दूसरी जगह आग बुझाने गई हुई है। उसके बाद किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नही मिली। तब तक किसानों की गेंहू की फसल व फांस जलकर राख हो चुके थे। काफी समय बाद दमकल की गाड़ी खेत में पहुंची। जिससे किसानों ने रोष जताकर सरकार से मुआवजे की मांग की है।