सोनीपत। गोहाना रोड पर हुल्लाहेड़ी केंद्र में खाद्य एवं पूर्ति विभाग के पास बारदाना खत्म होने पर पांच दिन से गेहूं की खरीद बंद है। जिसके चलते खरीद केंद्र में गेहूं लेकर आने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खरीद नहीं होने से खरीद केंद्र व उसके बाहर खेतों में करीब पांच हजार क्विंटल गेहूं पड़ा हुआ है। किसानों व आढ़तियों ने एकत्रित होकर रोष जताया। उन्होंने कहा कि वह कई बार डीएफएससी व मार्केट कमेटी के सचिव को गेहूं की खरीद करने को शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अधिकारी जानबूझकर परेशान कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही गेहूं की खरीद शुरू नहीं कराई तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। मौसम खराब होने का पूर्वानुमान जारी हो चुका है, ऐसे में अगर बारिश हुई तो किसानों का हजारों क्विंटल गेहूं भीगकर बर्बाद हो जाएगा।
खरीद एजेंसी डीएफएससी की ओर से हुल्लाहेड़ी केंद्र में 20 अप्रैल से गेहूं की खरीद बंद करने के बाद आढ़तियों व किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र में अभी भी हजारों क्विंटल गेहूं की ढेरियां पड़ी हैं। बारदाना की व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों व आढ़तियों को परेशान किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वह खरीद जल्द शुरू कराने को लेकर कई बार डीएफएससी व मार्केट कमेटी के सचिव को कह चुके हैं, लेकिन डीएफएससी के पास बारदाना नहीं होने के लिए खरीद करने से मना कर दिया है। अगर जल्द ही गेहूं की खरीद शुरू नहीं कराई तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
किसान अनिल, जयकरण, अमन, पवन, महावीर, शिवम, सतीश, कुलदीप, प्रविंद्र व आढ़ती प्रदीप, ललित, बलजोर का कहना है कि पिछले दो दिनों से मौसम में परिवर्तन आया हुआ है। बुधवार को जहां दिन भर बादल छाए रहे। वहीं बृहस्पतिवार को भी दोपहर बाद आसमान अचानक बादलों से घिर आया और ठंडी हवाएं चलने लगी। राई क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। जिसके चलते राई मंडी में गेहूं भी भीग गया। ऐसे में खेतों व अनाजमंडी में पड़े गेहूं को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई।