बड़ी कारखाने में हर साल 250 एलएचबी कोच का होगा नवीनीकरण, सांसद रमेश कौशिक ने किया रेल कोच कारखाने का भूमि पूजन
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर/सोनीपत। रेल कोच फैक्टरी लंबे समय बाद धरातल पर उतरती दिख रही है, जिसके लिए बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को भूमि पूजन किया गया। सांसद रमेश कौशिक व रेलवे के अधिकारियों ने फैक्टरी के लिए भूमि पूजन किया। इस फैक्टरी को बनाने का काम अब शुरू कर दिया जाएगा और इसको 2020 तक बनाने का लक्ष्य है। यह फैक्टरी 484 करोड़ रुपये की लागत से 161 एकड़ में बनाई जाएगी। हर साल 250 कोच का नवीनीकरण होगा, जोकि आगे चलकर 1000 कोच तक नवीनीकृत करेगा।
रेल कोच फैक्टरी के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सांसद रमेश कौशिक ने बताया कि इस फैक्टरी में शुरुआती दौर में हर साल 250 करोड़ रुपये की लागत से 250 एलएचबी (दुर्घटना से बचाव वाले) कोच का नवीनीकरण किया जाएगा। उसके बाद यहां हर वर्ष 1000 करोड़ रुपये की लागत से 1000 एलएचबी कोच का नवीनीकरण हो सकेगा। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि हरियाणा के गठन के बाद प्रदेश को रेलवे की यह पहली परियोजना मिली है। उन्होंने कहा कि भूमि पूजन सीएम मनोहर लाल के हाथों कराया जाना था, लेकिन दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में व्यस्तता के कारण वह समय नहीं दे सके। उत्तर रेलवे के पीसीएमई अशोक अरोड़ा ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद से रेलवे ने हरियाणा में 6578 करोड़ रुपये की लागत से नई रेल लाइन बिछाने का कार्य किया है। प्रदेश में रेलवे कार्य 315 करोड़ से बढ़कर 708 करोड़ पर पहुंचे हैं। हरियाणा के 26 रेलवे स्टेशनों को वाई-फाई सुविधायुक्त किया गया है। इसके साथ ही 19 आरओबी व 125 आरयूबी बनाए गए हैं। इस दौरान एडीआरएम नवीन, अनुपम, हैप्पी वालिया, अजय पांडया, डा. रामकिशन सरोहा, औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन बड़ी के प्रधान शमशेर शर्मा, नगर पालिका चेयरमैन ईश्वर कश्यप, सुनील शर्मा ठेकेदार, सुरेश त्यागी आदि मौजूद रहे।
--
लोगों को लगे कि मैं काम नहीं करता तो मुझे वोट न दें: कौशिक
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि राजनीति में जनता की सेवा ही लक्ष्य होना चाहिए और वह इस लक्ष्य के साथ राजनीति में आए हैं। यदि उन्हें कभी चमचागिरी करनी पड़ी तो वह राजनीति छोड़ देंगे। कहा कि लोगों को भी काम करने वाले प्रत्याशी को ही चुनना चाहिए। यदि जनता को लगता है कि सांसद रमेश कौशिक काम नहीं करते तो वोट न दें। इसके अलावा उन्होंने एचएसआईआईडीसी परिसर में ईएसआई डिस्पेंसरी संबंधी मांग को भी पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
--
रेलवे की प्रदर्शनी का सांसद ने किया अवलोकन
रेल कोच नवीनीकरण फैक्टरी के भूमि पूजन के मौके पर उत्तर रेलवे ने एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया। जिसका सांसद रमेश कौशिक ने नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। सांसद ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी मेें रेलवे की नई उपलब्धियों को दर्शाया गया, जिसमें नई रेल हमसफर, तेजस व एसी 3 टियर कोच दिखाए गए थे। इस दौरान एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें रेलवे की नवीनतम उपलब्धियों को दर्शाते हुए रेल कोच नवीनीकरण फैक्टरी के फायदों की जानकारी भी दी गई।