अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर की सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में सीवर जाम की समस्या से जूझ रहे लोग वीरवार को सड़क पर उतर आए। लोगों ने आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विमल किशोर के नेतृत्व में पहले सड़क किनारे धरना दिया। उनका आरोप था कि गली में सीवर जाम के साथ ही गली टूटकर बिखर चुकी है। इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने सुनवाई न होने पर जाम लगाने की धमकी दे डाली। जिस पर पब्लिक हेल्थ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लिखित में कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में सीवर जाम के चलते दूषित पानी सड़क पर बहता रहा है। जिससे बीमारी फैलने के साथ ही लोगों को निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर लोगों ने रोष प्रदर्शन किया। इसी बीच आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विमल किशोर भी लोगों के बीच पहुंच गए और जन अदालत लगाने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को लोगों के बीच आकर समस्या के समाधान को लेकर कार्रवाई करने को कहा। उसके बाद भी कोई संबंधित अधिकारी नहीं पहुंचा तो लोग भड़क गए और उन्होंने सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सड़क जाम करने की चेतावनी दी
लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी जल्द कोई अधिकारी नहीं आया तो सड़क के बीच बैठकर धरना देंगे। वहां पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अधिकारियों को मौके पर बुलाने के लिए अड़ गए। जिस पर पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन राधेश्याम मौके पर पहुंचे तथा समस्या का स्थाई समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि 15 दिन में समस्या को दूर कर दिया जाएगा। जिस पर लोग शांत हो गए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में मुख्य रोड को जाम कर देंगे। विमल किशोर ने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल रही है। लोगों की समस्याओं को दूर कराने को लेकर लगातार प्रयास किया जाएगा। इस दौरान डा. महेंद्र वर्मा, राजेंद्र बल्हारा, ओमप्रकाश पॉलीवाल, सुमित सोनी, प्रवीण सोनी, सतनारायण, नरेश कुमार, धर्मेंद्र, प्रवीण गोयल, सतीश दहिया, सुनीता, विनोद मौजूद रहे।
वर्जन
सूरी पेट्रोल पंप वाली गली की समस्या को दूर करने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द समस्या को दूर कराया जाएगा। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
राधेश्याम, एक्सईएन पब्लिक हेल्थ