अमर उजाला ब्यूरो
राई।
हसनपुर गांव में मुरथल खंड कार्यालय के निर्माण को लेकर स्टेडियम की दीवार तोड़ने पर युवाओं ने रविवार को प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुरथल खंड के कार्यालय का निर्माण कार्य पिछले सप्ताह ही कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने किया था।
ग्रामीण संदीप, अनुज, अनुराग, रविन्द्र, राकेश, सुनील, मंजीत का कहना कि खंड कार्यालय के निर्माण के लिए स्टेडियम की दीवार तोड़कर युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। जब स्टेडियम का निर्माण किया गया तो तक पंचायत विभाग के अधिकारियों ने ठीक तरह से जमीन की पैमाईश नहीं करवाई। इसके लिए खिलाड़ी जिम्मेदार नहीं। खेल स्टेडियम की दीवार तोड़े जाने से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। पंचायती राज विभाग की ओर से स्टेडियम के साथ बीडीपीओ कार्यालय के भवन का निर्माण किया जा रहा है।
विभाग के ठेकेदार की तरफ से स्टेडियम की दीवार ट्रैक के रास्ते में गिरा दिया। इससे खिलाड़ियों अभ्यास करने के लिए परेशानी होगी। पंचायत की जगह पर ही पंचायत कार्यालय बनाया जा रहा है। पंचायत की जमीन पर ही स्टेडियम है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी दीवार को ठीक नहीं किया तो वे कार्यालय का निर्माण बंद करवाने को मजबूर होंगे। उधर, पंचायती राज विभाग के एक्सईएन यशवीर पंवार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पैमाइश के बाद दीवार को ठीक करा दिया जाएगा। वे मामले की जांच करवाएंगे।