फोटो 10: सोनीपत के दयाल चौक स्थित डेंटल क्लीनिक पर छापा डालने के दौरान मौजूद टीम। स्रोत मुख्यमं
सोनीपत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा डालकर दयाल चौक के पास 12वीं कक्षा पास युवक को डेंटल क्लीनिक (दंत चिकित्सालय) चलाते पकड़ा है। आरोप है कि युवक बिना अधिकृत डिग्री के उपचार कर रहा था। मामले को लेकर सिविल लाइन थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को जांच में शामिल कर लिया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम ने सिविल सर्जन को पत्र लिखा कि दयाल चौक कुम्हार गेट के पास स्थित सेठी डेंटल क्लिनिक को बिना योग्यता के संचालित किया जा रहा है। वहां पर लोगों का उपचार किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया। जांच के लिए गठित टीम में सीएचसी बढ़खालसा से डेंटल सर्जन डॉ. विजेंद्र खोखर, सुभाष नगर स्थित अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल अधिकारी डॉ. प्रियंका और मुख्यमंत्री उड़नदस्ते से इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, एसआई महाबीर व राजेश को शामिल किया गया। टीम ने वीरवार को क्लीनिक पर छापा डाला।
टीम को एक युवक डेंटल चेयर पर उपचार करते हुए मिला जिसकी पहचान ललित के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि वह केवल 12वीं पास है और उसके पास न तो डेंटल सर्जरी की कोई डिग्री या डिप्लोमा है और न ही वह कोई प्रमाणपत्र दिखा पाया।
दवा, डेंटल चेयर, ऑटोक्लेव और अन्य उपकरण जब्त
मौके से दवा, डेंटल चेयर, ऑटोक्लेव और अन्य उपकरण जब्त कर दिए गए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे जनस्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ करार देते हुए कहा कि बिना लाइसेंस और योग्य डिग्री के किसी भी व्यक्ति को चिकित्सा सेवा देने का कोई अधिकार नहीं है।
वर्जन
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपी को जांच में शामिल कर लिया है। गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -इंस्पेक्टर सवित, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत