अचानक सोनीपत पहुंचे सीएम, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत। सीएम मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को शाम अचानक सोनीपत पहुंचे और बढ़खालसा में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया। सीएम के अचानक आगमन से प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए और आनन-फानन में सभी इंतजाम किए गए। वहीं, बाद में तय किया गया कि सीएम रात को राई रेस्ट हाउस में ही रुकेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक भी लेंगे। इधर, कार्यकर्ताओं को जैसे ही खबर लगी तो वे रेस्ट हाउस के आसपास मंडराने लगे, लेकिन उन्हें सीएम से मिलने नहीं दिया गया।
गांव बढ़खालसा में एक संस्था ने नाद नेचरोपैथी सेंटर (प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र) की शुरुआत की है। जिसका उद्घाटन सीएम मनोहर लाल ने सोमवार को गोपनीय तरीके से पहुंचकर किया। इस दौरान सीएम के साथ किसान नेता वीरेंद्र बढख़ालसा के अलावा कुछ किसान प्रतिनिधि व सेंटर के संचालक ही मौजूद रहे। यहां तक कि खूफिया विभाग को भी इसकी सूचना नहीं थी। कुछ ही देर में कार्यकर्ताओं से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक खबर पहुंच गई। आनन फानन में उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्ट हाउस में सीएम के ठहरने का इंतजाम किया गया। बताया गया कि सीएम रात को अधिकारियों की बैठक भी लेने के बाद सुबह अग्रोहा के लिए रवाना होंगे।
अनौपचारिक दौरे पर थे सीएम : राजीव
सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने बताया कि सीएम का यह दौरान अनौपचारिक था, जिसकी खबर उन्हें भी नहीं थी। एक संस्था ने नेचरोपैथी सेंटर की शुरुआत की है, जिसका उद्घाटन करने सीएम पहुंचे थे। बेहद सादगी के साथ सीएम मनोहर लाल ने लाव लश्कर के बिना ही दौरा किया है। उनके दौरे के संबंध में किसी को भी सूचना नहीं दी गई थी।