खरखौदा (सोनीपत)। गांव फिरोजपुर बांगर के क्लीनिक संचालक को फोन कर 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कुख्यात नीरज बवाना गैंग से बताया। साथ ही रंगदारी न देने पर परिवार को मारने की धमकी दी। पुलिस ने क्लीनिक संचालक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है।
फिरोजपुर बांगर निवासी रूरल मेडिकल प्रैक्टिशनर (आरएमपी) चिकित्सक हेमंत ने पुलिस को बताया कि वह करीब 25 वर्ष से अपने गांव में क्लीनिक चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे उनके पास मोबाइल से कॉल आई। कॉल रिसीव करते ही दूसरी तरफ से ठेठ हरियाणवी लहजे में बात की और उससे 12 लाख रुपये देने की मांग की। आरोपी ने उसके बेटा-बेटी का नाम लेते हुए दो दिन में पैसे देने की मांग की। साथ ही पैसे न देने पर उसके परिवार को मारने की धमकी की, जिस पर उसने मामले की शिकायत सैदपुर चौकी पुलिस को दी है। पुलिस ने रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी प्रभारी रमेश चंद्र का कहना है कि क्लीनिक संचालक को सुरक्षाकर्मी देने की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। फिलहाल मामले में जांच जारी है। जल्द ही फोन करने वालों तक पुलिस पहुंच जाएगी।
इससे पहले फरवरी में भी खरखौदा के पशु आहार विक्रेता से नीरज बवाना गैंग का गुर्गा बताकर रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उनका नीरज बवाना गैंग से कोई संबंध नहीं मिला था।