एमएसएमई की 31 जनवरी तक नई पॉलिसी लाएगी सरकार, 20 किलोवाट तक कनेक्शन पर 2 रुपये प्रति यूनिट छूट भी मिलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) को बढ़ावा देने के लिए सरकार 31 जनवरी 2019 तक नई पॉलिसी लेकर आएगी। इस पॉलिसी में यह ध्यान रखा जाएगा कि एमएसएमई की अभी तक की पॉलिसी में आने वाली समस्याओं व चुनौतियों को पूरी तरह से दूर किया जाए। इसके लिए अन्य प्रदेशों की पॉलिसी भी देखी जा रही है और उद्यमियों के सुझाव भी मांगे जा रहे हैं, जिससे पूरे देश में सबसे बेहतर हरियाणा की पॉलिसी रहे। इसके अलावा सीएम ने छोटी इकाईयों को बिजली में इस महीने से राहत मिलनी शुरू होने की बात कही है, क्योंकि 20 किलोवाट तक के बिजली कनेक्शन के बिल पर 2 रुपये प्रति यूनिट की छूट मिलनी शुरू हो जाएगी और उनका 4.75 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिल आएगा।
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल के सभागार में शुक्रवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग सहयोग एवं संपर्क कार्यक्रम हुआ। जहां पीएम नरेंद्र मोदी के वीडियो कांफ्रेंसिंग से संवाद कार्यक्रम से पहले सीएम मनोहर लाल खट्टर ने उद्यमियों को संबोधित किया। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में एक लाख एमएसएमई हैं, जिनमें से 80 हजार रजिस्टर्ड हैं तो अन्य का रिकार्ड भी विभाग के पास है। इन एक लाख एमएसएमई में 8-10 युवाओं को रोजगार मिला हुआ है और यह एमएसएमई ही अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। लेकिन एमएसएमई में आने वाली समस्याओं व चुनौतियों को दूर करके इसको ज्यादा बेहतर करने की तैयारी में सरकार लगी है। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के 100 दिन कार्यक्रम के तहत हरियाणा के चार कलस्टरों को चुना गया है, जिनमें सोनीपत को फूड प्रोसेसिंग, पानीपत को हैंडलूम, मानेसर व फरीदाबाद को ऑटो मोबाइल में शामिल किया गया है। सीएम ने कहा कि एमएसएमई की समस्याएं खत्म करने के लिए समाधान काउंसिल का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से करीब 1100 मामलों का निपटारा करते हुए 544 करोड़ रुपये की राशि एमएसएमई के लिए दी गई है। इस तरह कलस्टर डेवलपमेंट स्कीम लागू की गई है, जिसमें 70 प्रतिशत राशि केंद्र प्रदान करेगा तो 20 प्रतिशत प्रदेश सरकार देगी और अन्य खुद वहन करनी होगी। इसके अलावा दो करोड़ रुपये तक के टर्न ओवर वाले एमएसएमई के लिए मिनी कलस्टर डेवलपमेंट योजना तैयार की गई है। इसके अलावा सीएम ने नौकरियों को लेकर कहा कि हर साल सरकारी नौकरी ज्यादा नहीं होने के कारण युवाओं को प्राइवेट की ओर कदम बढ़ाना चाहिए। सीएम ने कहा कि एमएसएमई के लिए ऑनलाइन आवेदन करके 59 मिनट में बैंक से लोन लिया जाता है, जिससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान मंत्री कविता जैन, सांसद रमेश कौशिक, नीति आयोग की संयुक्त सचिव सुमिता मिश्रा, सीएम मीडिया सलाहकार राजीव जैन आदि मौजूद रहे।
--
केएमपी का 10 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि केएमपी का सरकार जल्द ही उद्घाटन करेगी और इसके लिए 10 नवंबर तय कर दी गई है। सीएम ने कहा कि केएमपी का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी अपने कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के सहारे करेंगे। उस दिन सभी सात टोल प्लाजा पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिनपर सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे। वहीं मुख्य कार्यक्रम में वह खुद मौजूद रहेंगे और इसके लिए पूरी रूपरेखा तैयार की जा रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के हरियाणा में पराली जलाने के कारण प्रदूषण फैलने के आरोप पर सीएम ने कहा कि दिल्ली में पराली जलाने के मामले बढ़े हैं तो हरियाणा में कम हुए हैं। इसलिए उनको खुद देखना चाहिए।
--
एमएसएमई में चुने कलस्टरों की पीएम खुद करेंगे मॉनीटरिंग
केंद्र सरकार की एमएसएमई के लिए शुरू की गई 100 दिन योजना के तहत वीडियो कांफ्रेंसिंग के सहारे पीएम नरेंद्र मोदी का पूरा कार्यक्रम उद्यमियों को दिखाया गया। जिसमें पीएम मोदी ने एमएसएमई को राहत देने वाली कई घोषणाएं कीं तो पानीपत के हैंडलूम उद्योग को काफी सराहा है। इसके अलावा एमएसएमई की इस योजना में चुने गए प्रदेश के चारों कलस्टरों की पीएम नरेंद्र मोदी खुद मॉनीटरिंग करेंगे। जिसके लिए उन्होंने कार्यक्रम के संबोधन में खुद ही कहा है कि वह खुद इनकी मॉनीटरिंग करके नजर रखेंगे।