अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत (राई)। हाईवे पर भिगान के पास स्थित टोल प्लाजा पर रविवार को रोडवेज बस चालक और टोल कर्मी मामूली कहासुनी के बाद उलझ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि अन्य बसों के चालक-परिचालक भी समर्थन में आ गए और बसों को रोक दिया। आधे घंटे तक चले हंगामे में जाम लग गया। सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टोल कर्मी से माफी मंगवाई गई। इसके बाद चालकों ने बसों को हटाया, तब जाकर जाम खुला।
रविवार दोपहर के समय पंचकूला डिपो की बस टोल पर पहुंची थी। इसी दौरान टोल कर्मी की किसी बात पर चालक से बहस हो गई। बहस कुछ देर में ही कहासुनी में बदल गई। बात इतनी बढ़ी कि चालक बस को वहीं खड़ी कर नीचे उतर आया। इसके चलते अन्य टोल कर्मी भी जुट गए। मामले की भनक जब अन्य रोडवेज बस चालकों व परिचालकों को लगी तो उन्होंने भी अपनी बस रोक दी और टोल के पास एकजुट हो गए। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना मुरथल पुलिस ने बीच बचाव कराया। इस पर रोडवेज कर्मचारी टोल कर्मचारियों से माफी मंगवाने पर अड़ गए। करीब आधे घंटे तक चली बहस के बाद टोल कर्मी ने माफी मांगी। इस दौरान वाहन काफी देर तक टोल पर फंसे रहे।