अमर उजाला ब्यूरो
राई/गन्नौर। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में लगातार नकल चल रही है। हालात यह हो गए है कि अपनों को नकल कराने के लिए युवकों ने स्कूल की दीवार तक तोड़ डाली और उसमें से निकलकर स्कूल के अंदर पहुंच नकल कराई जा रही है। बहालगढ़ के राजकीय स्कूल में यह पूरा नजारा शनिवार को दिखाई दिया, जहां दीवार पर नहीं चढ़ पाने के कारण युवकों ने नकल कराने के लिए दीवार तोड़कर कुंबल कर दिया। वहीं जिले में अन्य केंद्रों पर भी जमकर नकल चली और अपने करीबियों को नकल कराने के लिए युवकों ने खिड़कियों से पर्ची अंदर पहुंचाई।
जिले में शनिवार को 10वी की परीक्षा 95 सेंटरों पर हुई। हिंदी का पेपर होने के बावजूद भी खूब नकल चली। हालात यह रहे कि बहालगढ़ के राजकीय स्कूल में नकल करने के लिए पेपर शुरू होने से पहले ही दीवार तोड़कर कुंबल कर लिया गया। क्योंकि वहां की दीवार कुछ ऊंची है, जिसपर चढना आसान नहीं होता और इस कारण युवकों को अपने करीबियों को अंदर नकल पहुंचाने में परेशानी होती है। इसको देखते हुए ही दीवार तोड़ दी गई और उसमें से निकलकर युवक अंदर मैदान में पहुंच गए, जहां अपने करीबियों को नकल कराने के लिए पर्चियां थमा दी गई। इस तरह का नजारा पेपर पूरा होने के तीन घंटे तक चलता रहा और वहां पुलिस कर्मी नजर नहीं आया। वहीं गन्नौर के राजकीय स्कूल पर भी जमकर नकल चली और वहां युवकों का जमावड़ा लगा रहा जो खिड़कियों से नकल अंदर डालते रहे। वहां भी पुलिस पूरी तरह से लाचार बनी रही और किसी को रोकने की जरूरत नहीं समझी गई।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर मारे छापे, 35 को नकल करते दोबाचा
बोर्ड परीक्षा के दौरान शनिवार को एसडीएम, तहसीलदार, बीईओ, डीईओ, डिप्टी डीईओ, डीईईओ की टीमों ने जगह-जगह छापेमारी की। जिससे जिले में 35 को नकल करते दबोचा गया और उनकी यूएमसी बना दी गई। वहीं अधिकारियों ने निर्देश दिए कि केंद्रों में बाहरी हस्तक्षेप पर पूर्ण लगाम लगाते हुए नकल रहित परीक्षाएं कराएं। इसके साथ ही परीक्षार्थियों के रोल नंबर को उनके पहचान पत्रों से मिलान अवश्य करने की बात कही गई। इनके अलावा भी कई निर्देश दिए गए, जिससे उनपर अमल करके नकल को रोका जा सके।