अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत/राई।
गांव राई की मुख्य मार्केट में गली के दोनों तरफ किए गए अवैध कब्जे पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम व प्रशासन की टीम ने कई दुकानों व मकानों के आगे के हिस्सों को गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ बैंकों के बाहर का हिस्सा भी तोड़ा गया। नगर निगम प्रशासन ने गांव असावरपुर रेवन्यू स्टेट में आने वाले मार्ग पर जेसीबी की मदद से अवैध कब्जा हटाया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उनकी नहीं चली। प्रशासन की कार्रवाई से राई गांव का चौक पूरी तरह से मलबे में बदला नजर आया।
गांव असावरपुर रेवन्यू स्टेट में आने वाले करीब 49 फुट चौड़े रोड पर दोनों तरफ राई गांव के ग्रामीणों ने मकान व दुकान बना रखी थी। इसमें रोड पर दोनों तरफ अवैध कब्जा होने से गली की चौड़ाई आधी रह गई थी। नगर निगम ने नोटिस जारी कर लोगों को कब्जे हटाने को कहा गया था। इसके बाद रविवार सुबह ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीएम सुरेंद्र दून, नगर निगम एसई ठाकुर लाल, ईओ विनोद मेहरा, नायब तहसीलदार राई कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व किसी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए डीएसपी खरखौदा आदर्शदीप व राई थाना प्रभारी ऋषिकांत भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले ने दो जेसीबी के साथ सुबह छह बजे ही कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी थी।
5 घंटे में 27 मकान, दुकान व अन्य संस्थान गिराए
अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासनिक अमले ने पांच घंटे तक कार्रवाई की। इस दौरान गली के दोनों तरफ बने 27 मकान, दुकान व अन्य संस्थान पर जेसीबी चलाकर कब्जा लिया गया। इनमें दो बैंकों की शाखा भी शामिल थी। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ही बैंक अधिकारियों ने प्रशासनिक अमले से सामान निकालने का समय मांगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें जल्द सामान निकालने का निर्देश दिया। सुबह 11 बजे तक चली इस कार्रवाई को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा रही। कुछ ग्रामीणों ने विरोध करते हुए प्रशासनिक कार्रवाई को गैर कानूनी भी कहा और आरोप लगाया कि उन्हें समय पर नोटिस नहीं दिया गया।
राई व असावरपुर में करा दी थी मुनादी
अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार रात को ही राई और असावरपुर गांव में मुनादी भी कराई थी। कार्रवाई करने से पहले संबंधित स्थानों पर नोटिस चस्पाया गया था।
रातभर दुकानों से सामान बाहर निकालने में लगे रहे लोग
प्रशासनिक अमले की कार्रवाई की चेतावनी के बाद लोगों ने शनिवार रात को ही दुकानों से सामान निकालना शुरू कर दिया था। जिसके चलते बहुत से दुकानदार तो रात भर सो भी नहीं सके। उसके बावजूद कई दुकानदारों ने प्रशासन की कार्रवाई शुरू होने के बाद अपनी दुकानों को खाली किया।
अवैध कब्जों को लेकर पहले भी कई बार शिकायत मिल चुकी थी। इसके बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की गई। रविवार को भी गांव असावरपुर रेवन्यू स्टेट के रास्ते खसरा नंबर 103 पर से अवैध कब्जे हटवाए गए हैं। कब्जा करने वालों को पहले ही नोटिस दिया गया था।
- ठाकुर लाल शर्मा, एसई, नगर निगम
राई में दर्जनों दुकान जमींदोज, जेसीबी ने उजाड़ दिया चौक
गांव की मुख्य मार्केट में गली से हटाया गया अवैध कब्जा
49 फुट के रोड पर किया गया दोनों तरफ कब्जा
कई घरों व अन्य संस्थानों के आगे के हिस्से भी गिराए
गांव असावरपुर रेवेन्यू स्टेट में आने वाले मार्ग पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
एसडीएम व डीएसपी के नेेतृत्व में भारी पुलिस बल रहा मौजूद